प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यूट्यूब चैनल ने 1 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स के आंकड़े को पार कर लिया है, जिससे वह गूगल के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अग्रणी राजनीतिक नेताओं में से एक बन गए हैं। ‘नरेंद्र मोदी’ चैनल अक्टूबर 2007 में बनाया गया था जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। चैनल के कुछ लोकप्रिय वीडियो में अभिनेता अक्षय कुमार के साथ उनका इंटरव्यू, 2019 में हिंदी फिल्म उद्योग के सदस्यों के साथ पीएम की बातचीत और कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए कदमों पर एक वीडियो शामिल है।
जानें देश-विदेश में कौन है लोकप्रिय राजनीतिक नेता
इस चैनल के अलावा, प्रधान मंत्री का यूट्यूब पर एक आधिकारिक पीएमओ इंडिया चैनल भी है, जिसके माध्यम से विभिन्न आधिकारिक बयान और राष्ट्र के लिए पीएम के संबोधन साझा किए जाते हैं। पीएम मोदी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे ट्विटर (753 लाख फॉलोअर्स) और फेसबुक (468 लाख फॉलोअर्स) पर भी सक्रिय हैं।
यूट्यूब पर अन्य लोकप्रिय भारतीय राजनेताओं में कांग्रेस नेता राहुल गांधी (5.25 लाख) और शशि थरूर (4.39 लाख), तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन (2.12 लाख) शामिल हैं। दुनिया भर में, राजनीतिक नेताओं के व्यापक रूप से अनुसरण किए जाने वाले यूट्यूब चैनलों में ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो (36 लाख), मैक्सिकन राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज़ ओब्रेडोर (30 लाख), व्हाइट हाउस (19 लाख) और जो बाइडन (7 लाख) शामिल हैं।


















