राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई नेताओं ने ईद-उल-जुहा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संदेश में कहा, ‘‘ मैं सभी देशवासियों और विदेश में बसे हुए भारतीयों, विशेष रूप से हमारे मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ ईद-उल-जुहा प्रेम, त्याग और बलिदान का पवित्र त्योहार है। यह त्योहार हमें त्याग के मार्ग पर चलने और नि:स्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करने के लिए प्रेरित करता है। आइए, इस अवसर पर हम सब समाज में आपसी भाईचारे और परस्पर सौहार्द को बढ़ने की राह पर आगे बढ़ने का संकल्प लें।’’
उपराष्ट्रपति ने ईद-उल-जुहा की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने ईद-उल-जुहा की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं।
श्री धनखड़ ने अपने संदेश में कहा, ‘‘ ईद-उल-जुहा के शुभ अवसर पर, मैं सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। ईद-उल-जुहा त्याग व निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक अवसर है। यह सभी परिवारों और समुदायों द्वारा आपस में खुशियाँ और शुभकामनाएं साझा करने का भी अवसर है। यह ईद हम सभी के लिए शांति, समृद्धि और खुशियाँ लेकर आए, यही मंगल कामना है।’’
मुख्यमंत्री गहलोत ने ईद-उल-अजहा के मौके पर प्रदेशवासियों को दी मुबारकबाद
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ईद-उल-अजहा के मौके पर प्रदेशवासियों को मुबारकबाद दी है।
श्री गहलोत ने कहा कि ईद-उल-अजहा का यह त्यौहार हमें आपसी भाईचारे तथा सछ्वावना के साथ रहने तथा सच्चाई की राह पर चलते हुए अपने देश के लिए हर कुर्बानी देने की सीख देता है। यह त्यौहार हमें सिखाता है कि देश-प्रदेश के लिए हम हमेशा त्याग और बलिदान करने के लिए तैयार रहें।
मुख्यमंत्री ने ईद-उल-अजहा के इस मुबारक मौके पर प्रदेशवासियों से प्रदेश एवं देश में अमन-चैन एवं खुशहाली की दुआ करने के साथ ही सामाजिक सछ्वाव की महान परम्परा को मजबूत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
नीतीश कुमार ने ईद-उल-अजहा पर प्रदेश एवं देशवासियों को बधाई
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनायें दीं है।
श्री कुमार ने बुधवार को अपने शुभकामना संदेश में कहा कि ईद-उल-अजहा का त्योहार असीम आस्था का त्योहार है। खुदा के हुक्म पर बड़ी से बड़ी कुर्बानी के लिये तैयार रहना इस त्योहार का आदर्श है।
मुख्यमंत्री ने इस त्योहार को आपसी भाईचारा एवं सछ्वाव के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाने से आनंद और बढ़ जाता है।