विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने शनिवार को यहां स्थित जापान के दूतावास में जाकर पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर जापानी राजदूत सतोशी सुजुकी के प्रति संवेदना प्रकट की।
भारत ने जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे आबे के निधन पर शनिवार को एक दिन के लिए राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। आबे ने दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने के लिए अहम भूमिका निभाई थी।
Visited Embassy of Japan today to convey my condolences to Ambassador Satoshi Suzuki on the assassination of former PM Shinzo Abe. pic.twitter.com/tF8nseX7R3
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) July 9, 2022
दूतावास का दौरा करने के बाद जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘दो दशक से अधिक समय तक शिंजो आबे हमारे बढ़ते संबंधों के प्रतीक थे। उन्होंने अपने व्यक्तिगत प्रयास से कई पहल की। उन्होंने हमारे संबंधों को स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के व्यापक वैश्विक संदर्भ में रखा।’’
गौरतलब है कि 67 वर्षीय जापानी नेता की शुक्रवार की सुबह नारा शहर में चुनावी सभा के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरी दुनिया स्तब्ध है।
आबे वर्ष 2006 से 2007 तक और फिर 2012 से 2020 तक जापान के प्रधानमंत्री रहे।