Cyrus Mistry Death :अंतरराष्ट्रीय सड़क महासंघ ने मिस्त्री की मृत्यु पर जताया शोक ,वाहन सुरक्षा पर जताई चिंता - Punjab Kesari
Girl in a jacket

Cyrus Mistry death :अंतरराष्ट्रीय सड़क महासंघ ने मिस्त्री की मृत्यु पर जताया शोक ,वाहन सुरक्षा पर जताई चिंता

अंतरराष्ट्रीय सड़क महासंघ (आईआरएफ) ने महाराष्ट्र के पालघर जिले में रविवार को एक कार दुर्घटना में टाटा संस

अंतरराष्ट्रीय सड़क महासंघ (आईआरएफ) ने महाराष्ट्र के पालघर जिले में रविवार को एक कार दुर्घटना में टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मृत्यु हो जाने पर शोक व्यक्त किया और वाहन सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की।
आईआरएफ ने एक बयान में वाहन सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि ‘‘महंगी’’ एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) होने के बावजूद यह वाहन अपने यात्री को बचाने में ‘‘नाकाम’’ रहा।
सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में काम करने वाली इस अंतरराष्ट्रीय संस्था का मुख्यालय जिनेवा में है।
आईआरएफ के मानद अध्यक्ष के के कपिला ने कहा, ‘‘हम साइरस मिस्त्री की असामयिक मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हैं, लेकिन हम देश में जानलेवा सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या की ओर केंद्र और राज्य सरकारों का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं।’’
महासंघ ने दावा किया, ‘‘दुनिया भर में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में 11 प्रतिशत से अधिक हादसे भारत में होते हैं, जिनमें हर दिन 426 लोगों की जान जाती है और हर घंटे 18 लोग मारे जाते हैं।’’
उसने कहा कि 2021 में 1.6 लाख से अधिक लोगों की जान चली गई और ‘‘अधिकतर सड़क दुर्घटना में होने वाली मौतों को टाला जा सकता है।’’
टाटा संस के चेयरमैन के रूप में नियुक्त होने के साथ 2012 में भारतीय उद्योग जगत में अचानक से उभरे साइरस मिस्त्री की महाराष्ट्र के पालघर जिले में रविवार को हुई एक कार दुर्घटना में मृत्यु हो गई। वह 54 वर्ष के थे।
यह दुर्घटना उस वक्त हुई, जब मिस्त्री की लग्जरी कार मुंबई से सटे पालघर जिले में एक ‘डिवाइडर’ से टकरा गई। उस समय मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।