टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की महाराष्ट्र के पालघर में रविवार को हुई एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह 54 वर्ष के थे।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब मिस्त्री की कार मुंबई से सटे पालघर जिले में एक डिवाइडर से टकरा गई। उस समय मिस्त्री मर्सिडीज कार में अहमदाबाद से मुंबई लौट रहे थे।पालघर जिले के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने कहा, ‘‘दुर्घटना अपराह्न लगभग 3.15 बजे हुई। मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई की ओर जा रहे थे। यह हादसा सूर्या नदी पर बने पुल पर हुआ।’’उन्होंने कहा, ‘‘दुर्घटना में मिस्त्री और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत दो अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए गुजरात भेज दिया गया है।’’
हादसे का शिकार हुई कार में मिस्त्री और ड्राइवर समेत कुल चार लोग सवार थे।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा कासा थाना क्षेत्र में सूर्या नदी पुल पर चरोटी नाका में हुआ।मिस्त्री की कार डिवाइडर से टकराने के बाद रिटेंशन वॉल से जाकर टकरा गई।हादसे में जान गंवाने वाले मिस्त्री और जहांगीर पंडोल के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कासा ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है।पाटिल ने कहा कि हादसे में घायल हुए दोनों लोगों- ड्राइवर अनायता पंडोल और डेरियस पंडोल को इलाज के लिए गुजरात के वापी के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।पालघर के पुलिस अधिकारी सचिन नवादकर ने कहा कि स्थानीय पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने व्यक्त किया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री के निधन पर रविवार को शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका निधन वाणिज्य और उद्योग जगत के लिए एक बड़ी क्षति है।मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘श्री साइरस मिस्त्री का असामयिक निधन हैरान करने वाला है। वह एक अग्रणी उद्योगपति थे, जो भारत की आर्थिक शक्ति में विश्वास करते थे।’’प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उनका निधन वाणिज्य और उद्योग जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’
राहुल गांधी ने जताई संवेदना
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उद्योगपति साइरस मिस्त्री की सड़क दुर्घटना में मृत्य हो जाने पर दुख जताते हुए रविवार को कहा कि उन्होंने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘टाटा संस के पूर्व प्रमुख साइरस मिस्त्री के असामयिक निधन से दुखी हूं। वह देश के उद्योग जगत के बहुत ही शानदार व्यक्तित्व थे, जिन्होंने भारत की विकास गाथा में महत्वूपर्ण योगदान दिया। उनके परिवार, मित्रों और चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदना है।’’कांग्रेस सांसद शशि थरूर और कई अन्य नेताओं ने भी मिस्त्री के निधन पर दुख जताया।