अरब सागर में भारतीय मछुआरों पर गोली चलाने के मामले में भारत ने पाकिस्तानी राजनयिक को तलब किया है। इस घटना में एक भारतीय मछुआरे की मौत हो गई थी। जबकि एक घायल हो गया था। इस घटना के बाद गुजरात पुलिस टीम ने पाकिस्तान के 10 जवानों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया था। भारत ने समुद्री सुरक्षा एजेंसी की गोलीबारी में मछुआरों की मौत की कड़ी निंदा की है।
समुद्री सुरक्षा एजेंसी की गोलीबारी में मछुआरे की मौत की कड़ी निंदा की है
भारतीय मछुआरे की हत्या के मामले में भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। भारत की ओर से पाकिस्तानी राजनयिक को तलब किया गया है। भारत ने समुद्री सुरक्षा एजेंसी की गोलीबारी में मछुआरे की मौत की कड़ी निंदा की है। जानकारी के मुताबिक, दो अलग नाव पर सवार दस अज्ञात पीएमएसए जवान भारतीय मछुआरों की नाव पर गोलीबारी करने के आरोपी हैं।
यह मामला शनिवार शाम 4 बजे का है, जिसमें महाराष्ट्र के पालघर के रहने वाले 32 वर्षीय भारतीय मछुआरे श्रीधर रमेश की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं, दिलीप सोलंकी नाम का एक अन्य मछुआरा घायल हो गया है।
पाकिस्तान सरकार को इस संबंध में जारी करें निर्देश
एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘पाकिस्तान उच्चायोग के एक वरिष्ठ राजनयिक को आज विदेश मंत्रालय ने तलब किया और पाक की ओर से भारतीय मछुआरों पर अकारण गोलीबारी की घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।’’ उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने मछली पकड़ने वाली भारतीय नौका पर गोलीबारी करने के लिये पाकिस्तानी एजेंसी की इस कार्रवाई की निंदा की।
उन्होंने बताया, ‘‘यह दोहराया गया कि पाकिस्तान में अधिकारी मछुआरों के मुद्दे को मानवीय और आजीविका के मामले के रूप में देखते हैं। पाकिस्तान सरकार को भी इस घटना की जांच करने और अपने बलों को अकारण गोलीबारी के ऐसे कृत्यों से बचने के निर्देश देने के लिए कहा गया है।


















