हिंदी दिवस : PM मोदी बोले-वैश्विक मंच पर लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही है हिंदी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

हिंदी दिवस : PM मोदी बोले-वैश्विक मंच पर लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही है हिंदी

हिंदी भाषा को 14 सितंबर 1949 को राजभाषा का दर्जा दिया गया, लिहाज़ा इस दिन को हिंदी दिवस

भारत में आज हिंदी दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी और कहा कि सभी के प्रयासों से यह भाषा वैश्विक मंच पर लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही है। वहीं अन्य कई नेताओं ने भी हिंदी दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘आप सभी को हिंदी दिवस की ढेरों बधाई। हिंदी को एक सक्षम और समर्थ भाषा बनाने में अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। यह आप सबके प्रयासों का ही परिणाम है कि वैश्विक मंच पर हिंदी लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही है।’’


उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सभी भारतीयों को भारतीय भाषा सीख कर भाषाई सौहार्द बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा, ’14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को राजभाषा स्वीकार किया था। हिंदी दिवस पर संविधान सभा के आदर्शों और सौहार्द को याद करें जिसने संविधान में हिंदी तथा भारतीय भाषाओं को सम्मान दिया। हमारी भाषाएं देश की सांस्कृतिक एकता का सूत्र रही हैं। भारतीय भाषाएं सीखें, भाषाई सौहार्द बढ़ाए।’ 

1631595368 hindi
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हिंदी दिवस के मौके पर कहा, ‘हिंदी दिवस के अवसर पर मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूँ कि मूल कार्यों में अपनी मातृभाषा के साथ राजभाषा हिंदी का उत्तरोत्तर प्रयोग करने का संकल्प लें। मातृभाषा व राजभाषा के समन्वय में ही भारत की प्रगति समाहित है। आप सभी को ‘हिंदी दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं।’ 
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देशवासियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश में कहा कि हिंदी, भारत की राजभाषा होने के साथ ही देश की संस्कृति एवं परंपरा की पहचान भी है। उन्होंने कहा ‘हम सभी अन्य भारतीय भाषाओं के साथ राष्ट्रीय एकता की सूत्रधार हिंदी का उपयोग कर, राष्ट्र की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।’ 
हिंदी भाषा को 14 सितंबर 1949 को राजभाषा का दर्जा दिया गया, लिहाज़ा इस दिन को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। संविधान सभा ने देवनागरी लिपि वाली हिंदी के साथ ही अंग्रेजी को भी आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया था लेकिन 1949 में 14 सितंबर के दिन संविधान सभा ने हिंदी को ही भारत की राजभाषा घोषित किया। हालांकि पहला हिंदी दिवस 14 सितंबर 1953 को मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।