2024 में भाजपा का सामना करने के लिए महागठबंधन की कवायद शुरू: उद्धव ठाकरे, शरद पवार से मिले नीतीश, तेजस्वी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

2024 में भाजपा का सामना करने के लिए महागठबंधन की कवायद शुरू: उद्धव ठाकरे, शरद पवार से मिले नीतीश, तेजस्वी

लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा का सामना करने के लिए महागठबंधन की कवायद शुरू हो चुकी है। बिहार

अगामी लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा का सामना करने के लिए महागठबंधन की कवायद शुरू हो चुकी है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी दलों को एकजुट करने में जुटे है। इस दौरान शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले ने बिहार के सीएम और डिप्टी सीएम का स्वागत किया।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने डिप्टी तेजस्वी यादव के साथ गुरुवार को शिवसेना-यूबीटी अध्यक्ष और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार और राज्य कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान से मुलाकात की। यह सभी विपक्षी दलों का महागठबंधन बनाने के उनके प्रयासों का हिस्सा है।
बैठकों के बाद नीतीश ने कहा कि यदि अधिक से अधिक विपक्षी दल एक साथ मिलकर काम करें, तो साल 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता के सामने भाजपा के खिलाफ बेहतर विकल्प पेश किया जा सकता है।
जनता दल-यू नेता नीतीश कुमार ने कहा कि जब सभी विपक्ष लड़ने के लिए एकजुट होंगे, तो सीधा मुकाबला (भाजपा के खिलाफ) होगा। हमें अच्छी सफलता मिल सकती है और देश सही दिशा में आगे बढ़ सकता है।’
नीतीश कुमार ने कहा कि जो भाजपा कर रही है वह देशहित में नहीं है। ऐसी स्थिति में अधिक से अधिक विपक्षी पार्टियों को एकजुट होना चाहिए जो देश के लिए बेहतर होगा।
उन्होंने कहा कि वह कई पार्टियां उनके संपर्क में हैं और अब मैं कह सकता हूं कि जो भी हो रहा है वह राष्ट्रहित में है।
वहीं ,  शरद पवार ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए साथ मिलकर काम करना जरूरी है। देश के हालात को देखकर लगता है कि मिलजुल कर काम करेंगे तो विकल्प का समर्थन मिलेगा। भाजपा कर्नाटक विधानसभा चुनाव हारेगी। मेरी जानकारी के मुताबिक, वहां के लोग भाजपा को हटा देंगे और एक धर्मनिरपेक्ष सरकार का चुनाव करेंगे।नैतिकता और भाजपा का कोई संबंध नहीं है।
आपको बता दे कि पवार ने कुमार से मुलाकात के बाद ट्वीट करके बताया कि मैंने आज अपने मुंबई स्थित आवास पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव जी का स्वागत किया। हमने लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष की एकता को मजबूत करने पर संक्षिप्त चर्चा की।
इससे पहले गुरुवार सुबह, नीतीश कुमार और यादव, जद-यू अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, बिहार विधान परिषद के अध्यक्ष देवेशचंद्र ठाकुर और बिहार के सहकारिता मंत्री संजय कुमार झा का मुंबई में उनके पहले दौरे पर विशाल बैनर और पोस्टरों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
बांद्रा स्थित ठाकरे निवास ‘मातोश्री’ में दोनों और अन्य लोगों का पारंपरिक महाराष्ट्रीय शैली में स्वागत किया गया, जहां उन्होंने उद्धव और आदित्य ठाकरे के साथ दोपहर का भोजन किया। वहां सांसद संजय राउत भी मौजूद थे।
बाद में, वे दक्षिण मुंबई में पवार के आवास ‘सिल्वर ओक्स’ गए, जहां उनका शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले और अन्य लोगों ने स्वागत किया।
पिछले कुछ दिनों में नीतीश कुमार मल्लिकार्जुन खड़गे, अरविंद केजरीवाल, हेमंत सोरेन, नवीन पटनायक, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, सीताराम येचुरी, डी. राजा और अन्य सहित विपक्षी पार्टी के शीर्ष नेताओं से मिलने के लिए देशभर में घूमे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।