JDU के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का निधन ; राष्ट्रपति , प्रधानमंत्री, गृहमंत्री , लोकसभा अध्यक्ष व अन्य नेताओं ने जताया शोक - Punjab Kesari
Girl in a jacket

JDU के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का निधन ; राष्ट्रपति , प्रधानमंत्री, गृहमंत्री , लोकसभा अध्यक्ष व अन्य नेताओं ने जताया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई अन्य

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई अन्य नेताओं ने आज जनता दल यूनाइटेड के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट किया, ‘‘ पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री शरद यादव के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए लड़ने वाले सत्तर के दशक के छात्र नेता शरद जी संसद में वंचितों की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आवाज थे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’’ 
श्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘श्री शरद यादव जी के निधन से बहुत दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे। मैं हमेशा उनके साथ हुई बातचीत को संजो कर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम् शांति।’’ 
श्री शाह ने ट्वीट किया, ‘‘शरद यादव जी के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। शरद यादव जी ने दशकों तक बिहार व भारतीय राजनीति में अपना बहुमूल्य योगदान दिया। दु:ख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति।  
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्व सांसद शरद यादव का निधन पर जताया शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘वरिष्ठ राजनेता, पूर्व सांसद शरद यादव जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। वे विलक्षण प्रतिभा वाले महान समाजवादी नेता थे जिन्होंने वंचितों-शोषितों के दर्द को दूर करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका निधन समाजवादी आंदोलन के लिए बड़ी क्षति है। परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’ 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनता दल यूनाइटेड के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
श्री आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, ‘‘ पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री शरद यादव जी का निधन अत्यंत दु:खद है। उन्हें विनम, श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोक संतप्त परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।’’
बिहार के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने दिग्गज समाजवादी नेता शरद यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उपमुख्यमंत्री श्री यादव ने अपने शोक संदेश में कहा,‘मंडल मसीहा, राजद के वरिष्ठ नेता, महान समाजवादी नेता मेरे अभिभावक आदरणीय शरद यादव जी के असामयिक निधन की खबर से मर्माहत हूं। कुछ कह पाने में असमर्थ हूं।’ उन्होंने कहा कि माता जी और भाई शांतनु से बात हुई है। दु:ख की इस घड़ी में संपूर्ण समाजवादी परिवार परिजनों के साथ है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता सुमन कुमार मल्लिक ने पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
श्री मल्लिक ने आज कहा कि शरद यादव जी मृदुभाषी, जमीनी राजनेता और सादगी के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि श्री यादव से उनका संबंध का़फी पुराना था तथा उनका निधन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने कहा कि उनके असामयिक निधन से व्यक्तिगत तौर पर वे काफी दुखी है।
श्री मल्लिक ने कहा कि श्री शरद यादव एक समर्पित जन नेता के तौर पर देश में सदैव याद किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और संकट की इस घड़ी में उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को कष्ट सहन करने की शक्ति दें।
कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खडगे ने जनता दल यू के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
श्री खडगे ने अपने ट्वीट संदेश में कहा, ‘‘देश की समाजवादी धारा के वरिष्ठ नेता, जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष, श्री शरद यादव जी के निधन से दु:खी हूँ। एक पूर्व केंद्रीय मंत्री व दशकों तक एक उत्कृष्ट सांसद के तौर पर देश सेवा का कार्य कर,उन्होंने समानता की राजनीति को मजबूत किया। उनके परिवार एवं समर्थकों को मेरी गहरी संवेदनाएँ।’’ कांग्रेस पार्टी ने भी आधिकारिक ट्विटर पेज पर ट्वीट कर कहा, ‘‘जद-यू के पूर्व अध्यक्ष तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ समाजवादी नेता शरद यादव जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार एवं समर्थकों को यह पीड़ सहने की शक्ति प्रदान करें।’’  
गौरतलब है कि जनता दल यूनाइटेड के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव की पुत्री सुभाषिनी ने सोशल मीडिया पोस्ट में अपने पिता के निधन की सूचना दी।
वरिष्ठ नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का बृहस्पतिवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके परिवार के लोगों ने यह जानकारी दी।
यादव 75 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं।
फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट के एक बयान में कहा गया है कि यादव को अचेत अवस्था में आपातकालीन वार्ड में लाया गया था।
बयान में कहा गया है, ‘‘स्वास्थ्य जांच के दौरान, उनकी नाड़ी नहीं चल रही थी या रक्तचाप दर्ज नहीं किया गया… उपचार के सभी प्रयास नाकाम रहे। रात 10.19 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।