हिमाचल और उत्तराखंड में हाल ही में हुई बारिश और लैंडस्लाइड ने भारी तबाही मचाई है। सबसे ज्यादा नुकसान हिमाचल में हुआ। हिमाचल में अब तक 857 से ज्यादा सड़कें ठप हो चुकी है। वहीं कई जलापूर्ति योजनाएं रुकी हुई हैं। प्रदेश में हुए लैंडस्लाइड के कारण अब तक 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
12 हजार से अधिक घरों में दरारें आ चुकी
हिमाचल में लैंडस्लाइड के कारण 12 हजार से अधिक घरों में दरारें आ चुकी हैं। इसलिए लोग अब इन घरों को छोड़कर जाने लगे हैं क्योंकि ये मकान किसी भी वक्त गिर सकते हैं। कुछ लोगों ने डर के मारे पहले ही घर छोड़ दिया है। वहीं शिमला के शिव मंदिर पर हुए लैंडस्लाइड में अब तक 16 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। वहीं अभी भी कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें अभी भी राहत और बचाव कार्यों में जुटी है
हिमाचल में बारिश से 10 हजार करोड़ की संपत्ति तबाह
हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में बारिश और लैंडस्लाइड से अब तक 10 हजार करोड़ अधिक की संपत्ति नष्ट हो चुकी है। मौसम विभाग ने 21 से 23 अगस्त तक चंबा, कांगड़ा, शिमला में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने जनता को सावधानी बरतने की सलाह दी है