Exit Polls: उत्तर प्रदेश में BJP, पंजाब में झाड़ू की जीत का अनुमान - Punjab Kesari
Girl in a jacket

Exit Polls: उत्तर प्रदेश में BJP, पंजाब में झाड़ू की जीत का अनुमान

उत्तर प्रदेश समेत 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। इसके

उत्तर प्रदेश समेत 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। इसके अलावा कई ‘एग्जिट पोल’ में उत्तर प्रदेश में भाजपा और पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान लगाया है, जबकि उत्तराखंड में मिलीजुली स्थिति बताई जा रही है। सीएनएन न्यूज 18, रिपब्लिक टीवी और न्यूज एक्स चैनलों के एग्जिट पोल के अनुसार उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 211-277 सीटें मिलने और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेतृत्व वाले गठबंधन को 119 से 160 सीटें मिलने का अनुमान है।
 पंजाब विधानसभा में आप को 76-90 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान
इनमें से ज्यादातर ‘एग्जिट पोल’ में पंजाब में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आप की जीत का अनुमान लगाया है। इंडिया टुडे के ‘एक्जिट पोल’ में 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में आप को 76-90 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान लगाया गया है। टीवी9 भारतवर्ष-पोलस्ट्रेट के एग्जिट पोल में हालांकि, पंजाब में आप के लिए 56-61 सीटों का अनुमान जताया गया है। अधिकतर एग्जिट पोल में सत्तारूढ़ कांग्रेस को पंजाब में दूसरा स्थान मिलने का अनुमान जताया गया है।
उत्तराखंड में कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए अलग-अलग एग्जिट पोल में विधान सभा चुनाव में जीत का अनुमान व्यक्त किया गया है। कुछ एग्जिट पोल में गोवा में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना जतायी गई है, जबकि मणिपुर में भाजपा को प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
उत्तराखंड में फंसता दिख रहा पेच, पढ़ें- किसका क्या अनुमान
अब पहाड़ी राज्य उत्तराखंड की बात करें तो यहां मामला फंसा दिख रहा है। एबीपी सी-वोटर के सर्वे में भाजपा को कुल 70 में से 26 से 32 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा कांग्रेस को 32 से 38 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं आम आदमी पार्टी को 0 से 2 सीटें मिल सकती हैं। हालांकि न्यूज 24 टुडेज चाणक्य के सर्वे में चौंकाने वाला दावा किया गया है। चाणक्य के मुताबिक भाजपा को यहां 43 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा कांग्रेस को 24 और आप को 1 सीट मिल सकती है।
टाइम्स नाउ वीटो के सर्वे में भाजपा को 37 और कांग्रेस को 31 सीटें मिलने का अनुमान है। रिपब्लिक पी. मार्क की बात करें तो उसके मुताबिक मुकाबला काफी कड़ा है। भाजपा को 29 से 34 सीटें और कांग्रेस को 33 से 38 सीटें मिल सकती हैं। इंडिया टुडे माय एक्सेस के मुताबिक भी मामला फिफ्टी-फिफ्टी का लगता है। इसके मुताबिक भाजपा को 36 से 46 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा कांग्रेस  को 20 से 30 सीटें ही मिलने का अनुमान है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।