यूपी के ग्रेटर नोएडा में पकड़ी गई, पाकिस्तानी महिला को एक स्थानीय अदालत ने मंगलवार को 14 दिन की रिमांड पर भेज दिया है। कोर्ट ने कहा कि महिला के साथ उसके चार बच्चे भी जेल में रहेंगे। बता दें कि मंगलवार दोपहर को पाकिस्तानी महिला सीमा गुलाम हैदर, आरोपी सचिन और उसके पिता नेत्रपाल को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कई पाकिस्तानी दस्तावेज बरामद
नेपाल के रास्ते पाकिस्तान से भारत पहुंची सीमा गुलाम हैदर, उसके प्रेमी सचिन और पिता नेत्रपाल के खिलाफ थाना रबूपुरा में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था, पुलिस ने तीनों के खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम, षड्यंत्र रचने और विदेशी नागरिक को शरण देने की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है। सीमा 13 मई को अपने चार बच्चों के साथ बिना वैध दस्तावेजों के यहां पहुंची थी, पुलिस ने सीमा के पास से कई मोबाइल फोन, पाकिस्तानी पासपोर्ट, नेपाल के लिए लिया गया टूरिस्ट वीजा जो अब खत्म हो चुका है बरामद किया है।
पबजी गेम के माध्यम से मिले थे एक दूसरे से
पुलिस के अनुसार, कई बार कोशिश करने के बाद भी सीमा के पति, भाई और परिवार के लोगों के मोबाइल नंबर पर बात नहीं हो पाई है, और उनसे संपर्क करने का प्रयास जारी है, रबूपुरा क्षेत्र में परचून की दुकान चलाने वाले सचिन की पबजी गेम के जरिए पाकिस्तान के कराची की रहने वाली सीमा गुलाम हैदर से दोस्ती हुई, सीमा नेपाल के रास्ते बस से भारत पहुंची तथा प्रेमी सचिन के साथ जिंदगी बिताने का वादा कर लगभग डेढ़ महीने से उसके साथ रह रही थी।


















