सीपी जोशी के बयान पर विवाद, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना - Punjab Kesari
Girl in a jacket

सीपी जोशी के बयान पर विवाद, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी ने अपने विवादित बयान पर शुक्रवार को सार्वजनिक तौर पर माफी मांग

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी ने अपने विवादित बयान पर शुक्रवार को सार्वजनिक तौर पर माफी मांग ली लेकिन इसे लेकर राजनीतिक गलियारे में आया उबाल अभी तक ठंडा नहीं हुआ है। इसे लेकर भाजपा ने ना सिर्फ जोशी बल्कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी पर निशाना साधा।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने यहां पार्टी के दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जो बात (सीपी) जोशी ने कही है वह गलत, निराधार और निंदनीय है। साथ ही इससे यह भी पता चलता है कि कांग्रेस पार्टी को भारत और हिन्दू धर्म के इतिहास और संस्कृति के बारे में नहीं पता है।’’

राजस्थान : BJP और Congress के बागियों ने कई सीटों पर मुकाबले को बनाया त्रिकोणीय

उन्होंने जोशी के इस बयान को भारतीय संस्कृति और हिन्दू धर्म का घोर अपमान बताते हुए कहा कि कांग्रेस का हिन्दुत्व और ब्राह्मणत्व एक स्वांग है।

दरअसल सोशल मीडिया पर जोशी के बयान का जो वीडियो वायरल हुआ है वह नाथद्वारा इलाके का है। वह इसी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस वीडियो में जोशी प्रधानमंत्री मोदी व उमा भारती की जाति का जिक्र करते हुए कह रहे हैं कि धर्म पर केवल ब्राह्मण ही बात कर सकते हैं।

विवाद बढ़ने पर जोशी ने ट्वीट कर भाजपा पर उनके बयान को तोड़-मोड़कर पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया है, वह इसकी कड़ी निंदा करते हैं। जोशी ने अपने इस भाषण का पूरा वीडियो भी जारी किया है ताकि इसे लेकर सभी का भ्रम दूर हो सके।

हालांकि जब शुक्रवार सुबह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने खुद जोशी के बयान को पार्टी के आदर्शों के विपरीत बताया और कहा कि कांग्रेस के सिद्धांतों व कार्यकर्ताओं की भावना का आदर करते हुए जोशी को अपने बयान पर खेद प्रकट करना चाहिए।

इसके बाद जोशी ने ट्विटर पर ही खेद जताया और लिखा, ‘‘कांग्रेस के सिद्धांतो व कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए मेरे कथन से समाज के किसी वर्ग को ठेस पहुँची हो तो मैं उसके लिए खेद प्रकट करता हूँ।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

14 + thirteen =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।