CDS जनरल बिपिन रावत के निधन पर योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शोक व्यक्त किया - Punjab Kesari
Girl in a jacket

CDS जनरल बिपिन रावत के निधन पर योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शोक व्यक्त किया

प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य लोगों की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु पर

प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य लोगों की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया 

योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, ”तमिलनाडु के कुन्नूर में दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में सीडीएस (प्रमुख रक्षा अध्यक्ष) जनरल बिपिन रावत जी व उनकी धर्मपत्नी का निधन अत्यंत दुःखद है। एक उत्कृष्ट सैन्य अधिकारी के रूप में रावत जी सदैव याद किए जाएंगे। उनका असामयिक निधन राष्ट्र के लिये अपूरणीय क्षति है।
योगी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ”सैन्य अधिकारियों एवं कर्मियों का आज हेलीकॉप्टर दुर्घटना में निधन अत्यंत दुःखद है। असमय दिवंगत हुए माँ भारती के कर्मनिष्ठ सपूत राष्ट्र की स्मृतियों में सदैव जीवित रहेंगे। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्माओं को परमधाम में स्थान दें। ॐ शांति!

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत व उनकी पत्नी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका आकस्मिक निधन देश के लिये अपूरणीय क्षति है।

गहलोत ने ट्वीट में कहा, ‘‘भारत के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत व उनकी पत्नी मधुलिका रावत के निधन का समाचार दुखद है। जनरल रावत ने एक सैन्य अधिकारी के रूप में बेहतरीन कार्य किया। उनका आकस्मिक निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं उनकी आत्मा की शान्ति की प्रार्थना करता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले अन्य सभी सैन्यकर्मियों को भी मैं अपनी श्रद्धांजली अर्पित करता हूं। ईश्वर इन सभी के परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल दें।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी रावत के निधान पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जनरल रावत का आकस्मिक निधन देश के लिये एक बड़ी क्षति है। उन्होंने ट्वीट में कहा, ‘‘ जनरल बिपिन रावत का आकस्मिक निधन देश के लिये एक बड़ी क्षति है। मैं उनके व अन्य अधिकारियों और रैंको के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं प्रार्थना करती हूं कि भगवान उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा, अत्यंत दुखद। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी CDS जनरल बिपिन रावत के निधन पर शोक व्यक्त किया। 

धामी ने ट्वीट में लिखा ,जनरल बिपिन रावत जी एक निष्ठावान और राष्ट्र के लिए सदैव समर्पित रहने वाले सैन्य अधिकारी थे। देश के पहले Chief of Defence Staff के रूप में उन्होंने अभूतपूर्व कार्य किए। उनका आकस्मिक निधन भारत और विशेष रूप से उत्तराखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।