मध्य प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा की सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सभी सीटों पर आगे हैं। खंडवा लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए जारी मतगणना के रूझान में भाजपा उम्मीदवार ज्ञानेश्वर पाटील अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार राजनारायण सिंह पुरणी से आगे हैं।
MP में सभी सीटों पर कमल को बहुमत
रैगांव विधानसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार प्रतिमा बागरी कांग्रेस की उम्मीदवार कल्पना वर्मा सेआगे हैं, पृथ्वीपुर से भाजपा के शिशुपाल यादव 430 मतों से तथा जोबट से भाजपा की सुलोचना रावत अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार से आगे हैं।
शनिवार को हुए मतदान में खंडवा लोकसभा क्षेत्र में 63.88 प्रतिशत तथा तीन विधानसभा सीटों पर औसत 65.32 प्रतिशत मतदान हुआ। जोबट में 53.30 प्रतिशत, पृथ्वीपुर में 78.14 तथा रैगांव विधानसभा सीटों पर 69.01 प्रतिशत मतदान हुआ। प्रदेश में सत्तारुढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है।
हिमाचल में कांटे की टक्कर
करगिल युद्ध के नायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) खुशाल ठाकुर मंडी संसदीय सीट पर अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की प्रतिभा सिंह से आगे हैं। प्रतिभा सिंह दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं।
जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीट पर दूसरे दौर की मतगणना के बाद कांग्रेस के रोहित ठाकुर अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी चेतन सिंह ब्रागता से आगे चल रहे हैं। भाजपा के बागी प्रत्याशी ब्रागता निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। फतेहपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के भवानी सिंह पठानिया अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी भाजपा के बलदेव ठाकुर से आगे हैं। वहीं अर्की सीट पर कांग्रेस के संजय अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी भाजपा के रत्तन सिंह पाल से आगे हैं।
बिहार में बराबरी का मामला
बिहार में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार कुशेश्वरस्थान और तारापुर सीट में से एक पर जद (यू) ऑर दूसरी पर राजद आगे हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, तारापुर सीट पर जद (यू) के राजीव कुमार सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी राजद के अरुण कुमार से आगे चल रहे हैं। कुशेश्वरस्थान सीट पर राजद के गणेश भारती जद (यू) के अमन भूषण अजारी से आगे चल रहे हैं।
बंगाल में तृणमूल कांग्रेस परचम लहराने की ओर
पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर तृणमूल कांग्रेस आगे चल रही है। खरदाह, शांतिपुर, दिनहाटा और गोसाबा विधानसभा सीटों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान हुआ था। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि पहले दौर की मतगणना के बाद तृणमूल कांग्रेस सभी सीटों पर आगे चल रही है। मतगणना केन्द्रों के आसपास 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू करने के अलावा, वहां तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
दिनहाटा तथा शांतिपुर से भाजपा के विधायकों ने अपनी लोकसभा सदस्यता बरकरार रखने के लिए इस्तीफा दे दिया था, जबकि खरदाह तथा गोसाबा से तृणमूल कांग्रेस के विधायकों के निधन के बाद यह उपचुनाव कराए गए।