CM योगी समेत BJP नेताओं ने उपचुनाव में पार्टी की जीत पर मतदाताओं के प्रति आभार जताया - Punjab Kesari
Girl in a jacket

CM योगी समेत BJP नेताओं ने उपचुनाव में पार्टी की जीत पर मतदाताओं के प्रति आभार जताया

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी समेत सभी प्रमुख नेताओं

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी समेत सभी प्रमुख नेताओं ने लखीमपुर खीरी जिले के गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार के विजयी होने पर खुशी जाहिर की और मतदाताओं के प्रति आभार जताया।
उपचुनाव में जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राज्य मुख्यालय पर जश्न मनाया।
रविवार को जारी एक सरकारी बयान के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की विजय पर जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पार्टी के प्रत्याशी अमन गिरि को उनकी जीत पर हार्दिक बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोला गोकर्णनाथ विधानसभा उपचुनाव में पार्टी को मिली विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की जीत है। यह शानदार जीत डबल इंजन की सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों के प्रति अटूट जन-विश्वास का प्रतीक है।
उल्लेखनीय है कि लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी अमन गिरि ने 34 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल कर ली है। यह सीट उनके पिता अरविंद गिरि के निधन के कारण रिक्त हुई थी।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक गिरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के विनय तिवारी को करीब 34,298 मतों से पराजित किया। गिरि को कुल 1,24,810 वोट मिले। वहीं, समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार विनय तिवारी को 90,512 मत प्राप्त हुए।
भाजपा मुख्‍यालय से जारी बयान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने गोला गोकर्णनाथ विधानसभा के उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी श्री अमन गिरी को प्रचण्ड बहुमत से विजयी बनाने के लिए गोला गोकर्णनाथ विधानसभा की जनता का आभार व्यक्त किया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में विधानचुनाव के बाद गोला गोकर्णनाथ के उपचुनाव में भी पार्टी की जीत का संदेश साफ है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा किये जा रहे लोककल्याण के कार्यों के कारण जनता का विश्वास और भरोसा भाजपा पर लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने चुनाव में लगे पार्टी कार्यकर्ताओं का भी अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके परिश्रम से पार्टी की जीत की राह आसान हुई।
गोला उपचुनाव में पार्टी की जीत के बाद भाजपा के राज्य मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्म पाल सिंह की उपस्थिति में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ो के बीच आतिशबाजी की और एक दूसरे का मुंह मीठा कर जीत की बधाई दी।
पार्टी कार्यालय पर जीत के बाद हुए कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, अनूप गुप्ता, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।