भाजपा का दावा : 2.5% मतदान बढ़ा वह BJP सरकारों की नीतियों को समर्थन - Punjab Kesari
Girl in a jacket

भाजपा का दावा : 2.5% मतदान बढ़ा वह BJP सरकारों की नीतियों को समर्थन

एक्जिट पोल में मध्य प्रदेश में सत्तारुढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच कड़े मुकाबले का अनुमान

एग्जिट पोल में मध्य प्रदेश में सत्तारुढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच कड़े मुकाबले का अनुमान जताए जाने के विपरीत भाजपा ने शनिवार को इसके सच्चाई से दूर होने का दावा करते हुए कहा कि जो ढाई प्रतिशत मतदान बढ़ा है वह भाजपा सरकारों की नीतियों और योजनाओं को स्पष्ट समर्थन है और भाजपा पिछले विधानसभा चुनाव :165: से भी अधिक सीटें जीतने जा रही है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में शनिवार शाम को कहा, ‘‘हम 2013 के विधानसभा चुनाव से भी अधिक सीटें जीतने जा रहे है। यह हमारा आकलन है और इसका ठोस आधार हमारे पास है।

सिब्बल ने Modi सरकार पर बोला हमला, कहा-वाड्रा एवं परिजनों के साथ गैर कानूनी कार्रवाई कर रही है सरकार

हमारे कार्यकर्ताओं का कठोर परिश्रम, हमारी सरकार द्वारा किए गए काम और विभिन्न स्तर पर प्राप्त हुई जानकारी के आधार पर हम आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। यह स्पष्ट है कि जनता के पास कांग्रेस को वोट देने का कोई कारण नहीं था। यह जो ढाई प्रतिशत वोट बढ़ा है वह भाजपा सरकारों की नीतियों और योजनाओं को स्पष्ट समर्थन है।’’

बैठक में मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, ‘‘हमारे व्यावहारिक आकलन के सामने कोई भी आकलन टिकता नहीं है और हमने देखा है कि मतदाताओं में और विशेषकर युवाओं, महिलाओं तथा नवमतदाताओं में भाजपा के प्रति विशेष स्नेह उमड़ रहा था। इस बार 40 लाख नए मतदाताओं ने वोट डाला और वह वोट हमारा वोट था। इस चुनाव में गरीबों ने भाजपा का साथ दिया है, क्योंकि हमारी सरकार ने गरीबों के जीवन को बदलने का काम किया है। हम जोरदार और स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ रहे है।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस बौखलाई हुई है, इसलिए रोज नए प्रपंच कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को यह बात भी अच्छी तरह समझने की आवश्यकता है कि एक्जिट पोल ने 2008 में और 2013 में भी हमें ज्यादा सीट नहीं दी थी। फिर भी हम प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आए।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि हमारा दृढ़ विश्वास है कि हम पिछली बार से भी अधिक सीटें जीतकर सरकार बनायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

18 − eleven =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।