राज्यसभा चुनाव के लिए BJP और कांग्रेस ने की उम्मीदवारों के नाम की घोषणा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

राज्यसभा चुनाव के लिए BJP और कांग्रेस ने की उम्मीदवारों के नाम की घोषणा

राज्यसभा में 6 राज्यों की 13 सीटों के लिए 31 मार्च को मतदान होना है। इसके लिए कांग्रेस

राज्यसभा में 6 राज्यों की 13 सीटों के लिए 31 मार्च को मतदान होना है। इसके लिए कांग्रेस और बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। असम, हिमाचल प्रदेश, केरल, नागालैंड और त्रिपुरा के सदस्य 2 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जबकि पंजाब के पांच सदस्य 9 अप्रैल को सेवानिवृत्त होंगे।
असम और केरल से कांग्रेस उम्मीदवार 
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए रिपुन बोरा को असम से और जेबी मैथर को केरल से उम्मीदवार बनाया है। रिपुन बोरा असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं और फिलहाल राज्यसभा के सदस्य हैं। उनका कार्यकाल दो अप्रैल को खत्म हो रहा है। जेबी मैथर केरल महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। वह पहले युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव रह चुकी हैं।
हिमाचल से बीजेपी उम्मीदवार
भाजपा ने असम, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड और त्रिपुरा की एक-एक सीट से अपने राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम भी घोषित किए, जिनमें पी मार्गेरिटा, डॉ. सिकंदर कुमार, एस फांगनोन कोन्याक और माणिक साहा शामिल हैं। बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश से डॉ. सिकंदर कुमार को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। 
डॉ. सिकंदर कुमार वर्तमान में एचपीयू के कुलपति के तौर पर कार्यरत हैं। वह हमीरपुर संसदीय सीट से संबंध रखते हैं। देश के कई राज्यों में राज्यसभा की सीट खाली हो रही हैं। अभी हिमाचल की 3 राज्यसभा सीटों में कांग्रेस के आनंद शर्मा भी राज्यसभा के सांसद हैं। उनकी जगह अब डॉ. सिकन्दर कुमार का राज्यसभा जाना लगभग तय है। जेपी नड्डा, इंदु गोस्वामी के बाद तीसरी सीट पर भी बीजेपी का कब्जा हो सकता है।  
लोकसभा उपचुनाव के लिए BJP के उम्मीदवार
बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में आसनसोल लोकसभा उपचुनाव के लिए अग्निमित्र पॉल को और बिहार से बोचहां विधानसभा उपचुनाव के लिए बेबी कुमारी को उम्मीदवार बनाया है। पॉल तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और बीजेपी के पूर्व नेता शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी।
वहीं, बोचहां विधानसभा के उपचुनाव के लिए बीजेपी के उम्मीदवार का फैसला महत्वपूर्ण है क्योंकि बिहार में उसकी गठबंधन सहयोगी विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के विधायक की मौत के बाद यह सीट रिक्त हुई है।
वीआईपी के अध्यक्ष मुकेश सहनी बिहार में सरकार का हिस्सा होने के बावजूद हाल के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा के खिलाफ कई सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।