विधानसभा उपचुनाव : दिल्ली समेत 3 राज्यों की 6 सीटों पर डाले जा रहे वोट, जानिए किस दिन आएंगे नतीजे - Punjab Kesari
Girl in a jacket

विधानसभा उपचुनाव : दिल्ली समेत 3 राज्यों की 6 सीटों पर डाले जा रहे वोट, जानिए किस दिन आएंगे नतीजे

आज देश की राजधानी दिल्ली सहित झारखंड और उत्तर-पूर्वीं राज्य त्रिपुरा सहित 6 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के

आज देश की राजधानी दिल्ली सहित झारखंड और उत्तर-पूर्वीं राज्य त्रिपुरा सहित 6 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान डाले जा रहे हैं। बता दें कि, दिल्ली की राजेंद्र नगर राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह ने मीडिया को बताया कि, सभी मतदान केंद्रों पर ‘मॉक पोल’ किए गए थे। राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया है।
राघव चड्डा के राज्यसभा में जाने के बाद रिक्त हुई थी सीट
राजेंद्र नगर से कुल 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा ने अपने उम्मीदवारों के भारी मतों से जीतने की उम्मीद जताई है। ‘आप’ ने दुर्गेश पाठक और भाजपा ने राजेश भाटिया को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने प्रेम लता को टिकट दिया है। उपचुनाव में कुल 1,64,698 मतदाता अपने मताधिकारों का प्रयोग करने के पात्र हैं। हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद आप नेता राघव चड्ढा के इस्तीफे से रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं। चड्ढा राजेंद्र नगर सीट से विधायक थे। मतगणना 26 जून को की जाएगी।
झारखंड में एक सीट पर हो रहा है उपचुनाव
दिल्ली के अलावा झारखंड की मांडर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि, 433 केंद्रों पर मतदान हो रहा है, जो शाम चार बजे तक चलेगा। उपचुनाव में 3.54 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकारों का प्रयोग कर सकेंगे, इनमें 1.75 लाख महिलाएं शामिल हैं। मतगणना 26 जून को होगी।

1655959002 jharkhand

भारी संख्या में तैनात किए गए है सुरक्षाबल के जवान
झारखंड में मतदान के मद्देनजर झारखंड सशस्त्र पुलिस (जेएपी), केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआपीएफ) और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सहित 3,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। भ्रष्टाचार के मामले में विधायक बंधु टिरके को दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
त्रिपुरा में चार सीटों के लिए जारी है मतदान
त्रिपुरा में भी विधानसभा की चार सीटों पर उपचुनाव के लिए  सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है।   एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि अगरतला, टाउन बारदोवाली, सुरमा और जुबराजनगर सीट पर 221 मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हो गया है, जो शाम पांच बजे तक चलेगा। इस चुनाव में सभी की नजर टाउन बारदोवाली सीट पर रहेगी, जहां से मुख्यमंत्री माणिक साहा चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान के मद्देनजर ‘त्रिपुरा स्टेट राइफल्स’ (टीएसआर) के अलावा केंद्रीय बलों की कुल 25 टुकड़ियां तैनात की गई हैं। चार निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,89,032 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।

1655959014 tripura

जानिए इन सीटों पर क्यों हो रहें चुनाव
भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते सुदीप रॉय बर्मन और आशीष साहा कांग्रेस में शामिल हो गए थे जिसके बाद अगरतला और टाउन बारदोवाली सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। वहीं सूरमा सीट से भाजपा विधायक आशीष दास के पार्टी के खिलाफ बगावत करने के बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था, जिस वजह से इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। माकपा विधायक रामेंद्र चंद्र देवनाथ के निधन के कारण जुबराजनगर सीट पर उपचुनाव हो रहा है। मतगणना 26 जून को होगी। बता दें की इन विधानसभा सीटों के उपचुनाव के अलावा उत्तर प्रदेश की दो और पंजाब की एक लोकसभा सीट पर भी मतदान हो रहे हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।