Ashok Gehlot ने कहा- 'तीसरी बार मुझे राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाया गया, ओबीसी के लिए इससे बड़ा संदेश क्या होगा' - Punjab Kesari
Girl in a jacket

Ashok Gehlot ने कहा- ‘तीसरी बार मुझे राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाया गया, ओबीसी के लिए इससे बड़ा संदेश क्या होगा’

अशोक गहलोत ने कहा तीसरी बार राजस्थान का मुख्यमंत्री चुना गया और लोग मुझ पर भरोसा करते हैं।

अशोक गहलोत ने कहा तीसरी बार राजस्थान का मुख्यमंत्री चुना गया और लोग मुझ पर भरोसा करते हैं। ओबीसी के लिए यह जानना जरूरी है कि मैं हमेशा उनके लिए लड़ता रहूंगा। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इस आरोप पर पलटवार किया कि राहुल गांधी ने 2019 में अपनी टिप्पणी से अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का अपमान किया। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस ने पिछड़े वर्गों के लिए बहुत कुछ किया है और इसका इससे बड़ा उदाहरण क्या होगा कि उसने उनके जैसे ओबीसी नेता को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाया । गांधी को बृहस्पतिवार को सूरत की एक अदालत ने 2019 के आपराधिक मानहानि मामले में ‘‘मोदी उपनाम’’ वाली टिप्पणी के लिए दो साल जेल की सजा सुनाई है। भाजपा प्रमुख जे पी नड्डा सहित पार्टी के कई नेताओं ने गांधी पर अपनी टिप्पणी के जरिए अन्य पिछड़ा वर्ग का अपमान करने का आरोप लगाया है।
1679833274 untitled 2 copy.jpg5217512525252752
कांग्रेस के खिलाफ ओबीसी कार्ड खेला था
गहलोत ने राजघाट पर कांग्रेस के एक दिवसीय ‘‘संकल्प सत्याग्रह’’ में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2017 में गुजरात चुनाव में यह कहकर एक ‘‘प्रयोग’’ किया था कि कांग्रेस के एक नेता ने उन्हें उनकी जाति के बारे में गाली दी थी। गहलोत ने कहा कि और उसी को दोहराते हुए, भाजपा चुनाव से पहले फिर से दावा कर रही है कि राहुल गांधी ने ओबीसी का अपमान किया। गहलोत ने आरोप लगाया, ‘‘2017 में जब भाजपा गुजरात चुनाव हार रही थी, तब मोदी ने वहां कांग्रेस के खिलाफ ओबीसी कार्ड खेला था। भाजपा आज फिर से ओबीसी को गुमराह करने का अभियान चलाना चाहती है।’’
राहुल गांधी ने ओबीसी का अपमान किया है
उन्होंने सवाल किया कि क्या नीरव मोदी और ललित मोदी जैसे भगोड़े ओबीसी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आप नीरव मोदी और ललित मोदी जैसे भगोड़ों को बचा रहे हैं और फिर कह रहे हैं कि राहुल गांधी ने ओबीसी का अपमान किया है।’’ गहलोत ने कहा कि क्या कोई भूल सकता है कि कांग्रेस ने ओबीसी और अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए कितना कुछ किया है। गहलोत ने कहा, ‘‘मुझे सोनिया जी, राहुल जी ने तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाया। मैं ओबीसी हूं। ओबीसी माली समुदाय (विधानसभा में) का केवल एक सदस्य है और वह मैं हूं।’’ गहलोत ने कहा कि उन्हें लगातार मुख्यमंत्री बनाए जाने से बड़ा संदेश वहां के ओबीसी के लिए क्या हो सकता है।
ऊंची कीमतों का मुद्दा उठा रहे हैं
गहलोत ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी ओबीसी समुदाय से आते हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘चुनाव होने वाले हैं, इसलिए भाजपा ओबीसी अपमान का मुद्दा बना रही है। यह निराधार है।’’ उन्होंने कहा कि गांधी परिवार का बलिदान सबके सामने है और राहुल गांधी लगातार बेरोजगारी और ऊंची कीमतों का मुद्दा उठा रहे हैं। गहलोत ने कहा, ‘‘वे राहुल गांधी द्वारा संसद में लगाए गए आरोपों का जवाब नहीं दे सके। मैंने पहले कभी नहीं देखा कि आरोप लगाए जाते हैं, लेकिन जवाब देने के बजाय प्रधानमंत्री मौन व्रत साध लेते हैं।’’ गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी देश की आवाज बनकर उभरे हैं। हम यह सुनिश्चित करने के लिए लड़ते रहेंगे कि देश में लोकतंत्र जिंदा रहे।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।