देश की राजधानी दिल्ली के लोगों को 77वें स्वतंत्रता दिवस पर आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से एक बड़ा तोहफा मिला है। इसके तहत अब दिल्ली में कई प्रतिष्ठानों को 24 घंटे खोलने की अनुमति मिल गई है। इसके बाद अब राजधानी में कुल 498 प्रतिष्ठान अब 24 घंटे खुले रहेंगे।
फायदा आम जनता को
बताया जा रहा है कि इस फैसले से न केवल कारोबारियों और व्यापारियों को लाभ होगा, बल्कि इसका फायदा आम जनता को भी मिलेगा। इससे पहले उपराज्यपाल ने पिछले साल ही 314 प्रतिष्ठानों को खोलने के अलावा इसी वर्ष जून महीने में 155 प्रतिष्ठानों को खोलने की भी अनुमति दी थी। इस तरह अब कुल 498 प्रतिष्ठान दिल्ली में 24 घंटे खुले रहेंगे। इससे दिल्ली में नाइट लाइफ को भी बढ़ावा मिलेगा।
29 प्रतिष्ठानों को 24 घंटे खोलने की अनुमति
मिली जानकारी के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में 29 प्रतिष्ठानों को 24 घंटे खोलने की अनुमति देने की फाइल उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के पास भेजी थी। काफी विचार-विमर्श करने के बाद एलजी ने सोमवार को दिल्ली में 29 अन्य प्रतिष्ठानों को भी अब 24 घंटे संचालित करने की अनुमति प्रदान कर दी है।