राष्ट्रपति के खिलाफ विवादित टिप्पणी पर अधीर रंजन की सफाई, कहा-'चूकवश' निकल गया शब्द - Punjab Kesari
Girl in a jacket

राष्ट्रपति के खिलाफ विवादित टिप्पणी पर अधीर रंजन की सफाई, कहा-‘चूकवश’ निकल गया शब्द

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने मीडिया से बातचीत में राष्ट्रपति के लिए ‘राष्ट्रपत्नी’ शब्द का उपयोग किया,

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, कांग्रेस नेता ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में राष्ट्रपति के लिए ‘राष्ट्रपत्नी’ शब्द का उपयोग किया, जिसको लेकर बीजेपी बुरी तरह भड़क गई है। अपने इस बयान पर सफाई पेश करते हुए अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि उनके मुंह से चूकवश एक शब्द निकल गया और बीजेपी के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह इसे उठा रही है।
कांग्रेस नेता की टिप्पणी को लेकर बीजेपी सदस्यों ने बृहस्पतिवार को संसद के दोनों सदनों में हंगामा किया और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी की मांग की। कांग्रेस नेता चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘देश का राष्ट्रपति जो भी हो, चाहे वह ब्राह्मण हो, या आदिवासी, हमारे लिए राष्ट्रपति हैं। पद की गरिमा का पूरा सम्मान है।’’

द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्र की पत्नी के रूप में संबोधित किया जाना भारत के हर मूल्य और संस्कार के विरुद्ध : स्मृति ईरानी

उन्होंने कहा, ‘‘कल पत्रकारों से बातचीत में यह शब्द एक बार चूक से निकल गया। उसी समय पत्रकार ने मुझे कहा कि आप ‘राष्ट्रपति’ कहना चाहते हैं। मैंने कहा कि (यह शब्द) चूकवश निकल गया, इसे नहीं दिखाएंगे तो बेहतर होगा। इसके बाद भी पत्रकार ने इस वीडियो को चलाया।’’
चौधरी ने कहा, ‘‘मुझसे चूक हुई। एक शब्द निकल गया। बीजेपी के लोग इसके लिए बवाल कर रहे हैं। बीजेपी के पास कुछ बोलने के लिए नहीं हैं तो कुछ भी निकाल लेते हैं।’’ बीजेपी ने कांग्रेस नेता के बयान को ‘‘घृणित तथा समस्त मूल्यों एवं संस्कारों के विरुद्ध’’ करार दिया। पार्टी ने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन एक आदिवासी महिला का अनादर करने के लिए कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।