भारत जोड़ो यात्रा कर रहे सांसद राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक चिट्ठी लिखी है। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक हुई जिसके बाद से ही सुरक्षा मेॆ चूक का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने गृह मंत्री को चिट्ठी लिखी है।
इस लेटर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा को बढाने की अपील की है। इस मामले को लेकर कांग्रेस के पवन खेड़ा ने कहा कि आप राहुल गांधी को आसानी से पहचान सकते हैं। उनको पहचानना आसान है। क्योंकि अकेले वे ही हैं जो बिना जैकेट के हैं। खेड़ा ने कहा कि आज एक पत्र वेणुगोपाल ने गृह मंत्री को लिखा है। जिसमें दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था का हवाला दिया गया है। जहां पुलिस ने कोई सुरक्षा घेरा नहीं बनाया। दूसरा उदाहरण वो है जिसमें खुफिया एजेंसी के लोग कंटेनर में घुस गए।
यूपी और हरियाणा में प्रवेश करने से पहले लिखा लेटर
इतना ही नहीं खेड़ा ने कहा कि अब हम पंजाब और कश्मीर जा रहे हैं। जो संवेदनशील इलाके हैं। भारत जोड़ो यात्रा एक यज्ञ है, एक तपस्या है। उसमें राक्षस व्यवधान डाल रहे हैं। ये चिट्ठी भारत जोड़ो यात्रा के यूपी और हरियाणा में प्रवेश करने से पहले लिखी गई है।
कांग्रेस ने बनाया पार्टी का स्थापना दिवस
इसके साथ ही आज कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस था। इस मौके पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य नेता पार्टी का 138वां स्थापना दिवस मनाने के लिए एआईसीसी कार्यालय पहुंचे। वहीं पार्टी के 138वें स्थापना दिवस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भारत के मूल सिद्धांतों पर लगातार हमले हो रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताई चिंता
पूरे देश में नफरत की खाई खोदी जा रहा है। जनता मंहगाई, बेरोजगारी से परेशान है लेकिन सरकार को कोई परवाह नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस को समावेशी बनाने के लिए हमें युवाओं, महिलाओं, बुद्धिजीवियों को शामिल करना होगा और इसकी शुरुआत राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से हो चुकी है। बता दें भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली के बाद तीन जनवरी को यूपी में तीन दिनों के लिए एंट्री करेगी। इस दौरान कांग्रेस ने विपक्षी पार्टियों के कई नेताओं को यात्रा में शामिल करने के लिए निमंत्रण भेज है।