केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा ने मंगलवार को बताया कि सरकार ने ‘एम्फोटेरिसिन बी’ की 19,420 अतिरिक्त शीशियां विभिन्न राज्यों, केन्द्र शासित प्रदेशों तथा केन्द्रीय संस्थानों को दी है। यहां आपको बता दें कि ‘एम्फोटेरिसिन बी’ का इस्तेमाल ‘म्यूकरमाइकोसिस’ के उपचार के लिए किया जाता है, जिसे ‘ब्लैक फंगस’ भी कहा जाता है। यह एक दुर्लभ गंभीर संक्रमण है, जो कोविड-19 के कई मरीजों में पाया जा रहा है। इससे नाक, आंख, साइनस और कई बार मस्तिष्क को भी नुकसान पहुंच सकता है।
केन्द्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘ ‘एम्फोटेरिसिन बी’ की 19,420 अतिरिक्त शीशियां विभिन्न राज्यों, केन्द्र शासित प्रदेशों तथा केन्द्रीय संस्थानों को दी गई हैं।’’ इन 19420 शीशियों में से गुजरात को 4,640, महाराष्ट्र को 4,060, आंध्र प्रदेश को 1,840, मध्य प्रदेश को 1,470, राजस्थान को 1,430, उत्तर प्रदेश को 1,260, कर्नाटक को 1,030 शीशियां दी गई है। इससे पहले सरकार ने 21 मई को ‘एम्फोटेरिसिन बी’ की 23,680 शीशियां विभिन्न राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को दी थी।
दूसरी ओर देश में कोरोना वायरस के मामले 14 अप्रैल के बाद पहली बार 2 लाख अंक से नीचे आए है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि देश में मंगलवार को 1,96,427 नए कोविड मामले दर्ज किए गए और 3,511 लोगों की मौत हुई। 14 अप्रैल को, भारत ने 2,00,739 मामले दर्ज किए थे। 14 अप्रैल के बाद यह पहली बार है जब मामले दो लाख के आंकड़े से नीचे गए हैं।
सोमवार को भारत ने कोरोनोवायरस संक्रमण के कारण मृत्यु के तीन लाख का आंकड़ा पार कर लिया। इस प्रकार अमेरिका और ब्राजील के बाद तीन लाख मौतों को पार करने वाला भारत दुनिया का तीसरा देश बन गया। भारत में कोविड 19 मामलों की कुल संख्या अब 2,69,48,874 है, जिसमें 25,86,782 सक्रिय मामले हैं और अब तक 3,07,231 मौतें हुई हैं।पिछले 13 दिनों में भारत में 50,000 से अधिक मौतें दर्ज की गई हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कुल 3,26,850 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है, जिसमें 2,40,54,861 लोग अब तक कोविड से ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक कुल 19,85,38,999 लोगों को टीका लगाया गया है, जिनमें 24,40,236 लोगों को पिछले 24 घंटों में टीका लगाया गया है।