देश के 140 पुलिस कर्मियों को वर्ष 2023 में जांच में उत्कृष्टता के लिए ‘केंद्रीय गृह मंत्री पदक’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित किए गए पुलिस कर्मियों में 15 सीबीआई, 12 एनआईए, 10 उत्तर प्रदेश, 9 केरल और 9 राजस्थान, 8 तमिलनाडु, 7 मध्य प्रदेश और 6 गुजरात से हैं, इसके अलावा शेष अन्य राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संगठनों से हैं। इनमें 22 महिला पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। यह केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी दी गई है।
हर साल 12 अगस्त को की जाती घोषणा
अपराधों की जांच के उच्च पेशेवर मानकों को बढ़ावा देने और जांच में ऐसी उत्कृष्टता को मान्यता देने के उद्देश्य से 2018 में जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री पदक का गठन किया गया था। इसकी घोषणा हर साल 12 अगस्त को की जाती है। यह पदक किसी जांच में उत्कृष्टता के आधार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों, राज्यों या केंद्रशासित प्रदेश पुलिस बल के सदस्यों को जांच में उत्कृष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।
हेड कांस्टेबल से लेकर पुलिस अधीक्षक तक रैंक के योग्य अधिकारियों की सिफारिशें ऑनलाइन जमा करने के लिए कहा जाता है। 2022 में जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री पदक 151 पुलिस कर्मियों को प्रदान किया गया था ।