Uttar Pradesh: उपचुनाव से पहले भाजपा ने महेंद्र नाथ पांडेय को बनाया चुनाव अधिकारी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

Uttar Pradesh: उपचुनाव से पहले भाजपा ने महेंद्र नाथ पांडेय को बनाया चुनाव अधिकारी

विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा का बड़ा कदम

उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ा कदम उठाया है। भाजपा ने शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय को उत्तर प्रदेश संगठन का चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा पार्टी ने छह लोगों को सहचुनाव अधिकारी बनाया गया है।

64c3ab307724040070f1efe35a9be2fe

महेंद्र नाथ पांडेय को बनाया गया उत्तर प्रदेश का चुनाव अधिकारी

भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण ने सूची जारी कर बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय को उत्तर प्रदेश का चुनाव अधिकारी और इसके साथ छह लोगों को सह चुनाव अधिकारी बनाया गया है। हरीश कुमार सिंह, अनिल चौधरी, रंजना उपाध्याय, मुकुट बिहारी वर्मा, कमलेश कुमार राजेंद्र तिवारी को भाजपा ने सहचुनाव अधिकारी नियुक्त किया है।

महेंद्र नाथ पांडेय चंदौली सीट से 2014 में रह चुके सांसद

बता दें कि महेंद्र नाथ पांडेय उत्तर प्रदेश की चंदौली सीट से 2014 में सांसद चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने साल 2019 के लोकसभा चुनावों में भी जीत हासिल की थी। वह केंद्रीय मंत्री भी रहे। महेंद्र नाथ पांडे 2017 में प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। उन्हें संगठन का लंबा अनुभव भी है।

yogi adityanath 13 1729333824

सीएम योगी ने पदाधिकारियों के साथ की अहम बैठक

वहीं सूबे की 9 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डिप्टी सीएम, जिलों के प्रभारी मंत्री और भाजपा संगठन के पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि प्रभारी मंत्री और पदाधिकारी उन जिलों में अधिक समय बिताएं जहां उपचुनाव हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में जाकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याओं को सुनें और त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। जिलों के स्थानीय पदाधिकारियों के साथ तालमेल बनाकर चुनावी तैयारियों को और सुदृढ़ किया जाए।

9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव

उत्तर प्रदेश की जिन 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें गाजियाबाद सदर सीट, प्रयागराज की फूलपुर सीट, कानपुर की सीसामऊ सीट, मैनपुरी की करहल सीट, अंबेडकरनगर की कटेहरी सीट, मिर्जापुर की मझवां सीट, अलीगढ़ की खैर सीट, मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट और मुरादाबाद की कुंदरकी सीट शामिल है। हालांकि, अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव अभी नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

nineteen − thirteen =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।