अमरोहा में बाढ़ बनी मुसीबत, गंगा किनारे बसे गांवों में भरा पानी Flood Became A Problem In Amroha, Water Filled In Villages Situated On The Banks Of Ganga
Girl in a jacket

अमरोहा में बाढ़ बनी मुसीबत, गंगा किनारे बसे गांवों में भरा पानी

पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। इससे उत्तर प्रदेश में नदियों के आस-पास स्थित गांवों में नदियों का पानी पहुंच गया है। जिसके चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ों पर भारी बारिश के चलते अमरोहा के तिगरी में गंगा नदी का जलस्तर रोजाना बढ़ रहा है। हरिद्वार बैराज से गंगा नदी में 30662 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। लगातार बढ़ते गंगा नदी के जलस्तर से अमरोहा में गंगा किनारे स्थित खेत जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों को कई तरह की दिक्कतें हो रही हैं। पशुओं के लिए चारा लाने में भी किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

  • पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं
  • नदियों के आस-पास स्थित गांवों में नदियों का पानी पहुंच गया है
  • लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है
  • बारिश के चलते अमरोहा के तिगरी में गंगा नदी का जलस्तर रोजाना बढ़ रहा है

गंगा का जलस्तर 199.50 सेमी दर्ज



मोहम्मदाबाद की रहने वाली भागवती ने बताया कि खेत में पानी भरा है, जिसके चलते हमारी फसल बर्बाद हो गई है। उसने कहा, खेतों में रविवार को पानी भर गया। हर साल हमारा चार से पांच लाख रुपए का नुकसान होता है। वहीं गांवों तक पहुंचने वाली सड़कें भी पानी में डूबी हुई हैं। लोग अपनी जान जोखिम में डालकर एक ओर से दूसरी ओर जा रहे हैं। मवेशियों पर चढ़कर या फिर तैर कर रास्ता तय कर रहे हैं। 15 जुलाई का तिगरी गंगा का जलस्तर 199.50 सेमी दर्ज किया गया। जबकि यहां गंगा नदी का खतरे का निशान 202.00 सेमी पर है। हालांकि, अभी गंगा नदी का जलस्तर यहां खतरे के निशान तक नहीं पहुंचा है।

बलरामपुर में 100 गांव बाढ़ की चपेट में



इससे पहले उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में राप्ती नदी के उफान पर आने से बलरामपुर, तुलसीपुर और उतरौला तहसीलों के लगभग 100 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए। बलरामपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के साथ-साथ नेपाल से नीचे की ओर आ रहे पानी के कारण राप्ती नदी खतरे के निशान को पार कर गई है और उफान पर है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है, बाढ़ प्रभावित लोग नावों का सहारा ले रहे हैं। बाढ़ में डूबने से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।