भाजपा करा रही है सपा-बसपा कार्यकर्ताओं को रेड कार्ड जारी : अखिलेश यादव - Punjab Kesari
Girl in a jacket

भाजपा करा रही है सपा-बसपा कार्यकर्ताओं को रेड कार्ड जारी : अखिलेश यादव

अखिलेश ने कहा कि हाल में PM प्रतापगढ़ आये थे और सपा-बसपा में भ्रम फैलाने के लिये जानबूझकर

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कांग्रेस पर सपा-बसपा गठबंधन के खिलाफ अफवाहें फैलाने का आरोप लगाते हुए शनिवार को दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं से ऐसी साजिशों से बचने को कहा। अखिलेश ने कहा कि हाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रतापगढ़ आये थे और सपा-बसपा में भ्रम फैलाने के लिये जानबूझकर कहा कि सपा दूसरे दलों की मदद कर रही है और वह बसपा के साथ नहीं है। इसी तरह की अफवाह बाकी दल भी फैला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पहले तो प्रधानमंत्री ने कहा था, लेकिन अब सुनने में आ रहा है कि कांग्रेस भी इसी तरह की अफवाह फैला रही है। मैं कहना चाहता हूं कि सपा-बसपा का गठबंधन मजबूत है। मेरी दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं से अपील है कि इस तरह की अफवाहों से दूर रहें। हमें सपा कार्यकर्ताओं और बसपा नेतृत्व तथा कार्यकर्ताओं पर पूरा भरोसा है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देंगे। अखिलेश ने आरोप लगाया कि अफवाहें फैलाने में कांग्रेस और भाजपा एक ही जैसे हैं।

bjp_congress

 उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग तो ‘रेड कार्ड’ के जरिये चुनाव जीतना चाहते हैं। अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ जितने रेड कार्ड जारी करना चाहते हो, जारी करो। जहां कहीं भी चुनाव हो रहा है, वहां सपा और बसपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ रेड कार्ड जारी कर रहे हैं। ऐसा करके उन्हें मतदान से रोका जा रहा है।

उत्तर प्रदेश : अखिलेश, मेनका, रीता जोशी के राजनीतिक भाग्य का फैसला 12 मई को !

अखिलेश ने कहा ”हमने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि क्या सिर्फ सपा-बसपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ ही रेड कार्ड जारी होगा। क्या भाजपा बिल्कुल पाक साफ है? उसमें कोई ऐसा नहीं है जिसकी आपराधिक छवि हो।” उन्होंने आरोप लगाया कि कौशाम्बी के चुनाव के दौरान प्रतापगढ़ में सबसे ज्यादा अन्याय सपा और बसपा कार्यकर्ताओं पर हुआ है। उन पर झूठे मुकदमे दर्ज किये गये। जिन लोगों ने कार्यक्रम करने के लिये जमीन दी थी, उन पर भी झूठे मुकदमे दर्ज हुए हैं। कांग्रेस और भाजपा अन्याय करने, अफवाह फैलाने, साजिश रचने और झूठे मुकदमे दर्ज कराने के मामले में एक ही जैसे हैं।

सपा अध्यक्ष ने चुनाव प्रचार में भाजपा नेताओं द्वारा प्रयोग की जाने वाली भाषा का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव में ऐसे अल्फाज का इस्तेमाल नहीं होना चाहिये। हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि दूसरे लोग गुंडों के सरताज हैं। वहीं, लखनऊ में चुपचाप बिहार के सबसे बड़े अपराधी राजन तिवारी को भाजपा में शामिल कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।