Army Chief General Upendra Dwivedi का फ्रांस दौरा, शहीद भारतीय सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित की - Punjab Kesari
Girl in a jacket

Army Chief General Upendra Dwivedi का फ्रांस दौरा, शहीद भारतीय सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित की

भारत-फ्रांस रक्षा सहयोग के तहत General Upendra Dwivedi का फ्रांस दौरा

भारतीय थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने प्रथम विश्व युद्ध में भाग लेने वाले शहीद भारतीय सैनिकों के सम्मान में पुष्पांजलि अर्पित की। इसके लिए उन्होंने फ्रांस के न्यूवे चैपल में भारतीय युद्ध स्मारक का दौरा किया। प्रथम विश्व युद्ध के दौरान बहादुरी से लड़ने वाले भारतीय सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान का सम्मान करते हुए, जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने फ्रांस के न्यूवे-चैपल में भारतीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की है।

सेना के मुताबिक, बहादुरी से लड़ने वाले भारतीय सैनिकों का साहस, समर्पण और विरासत इतिहास में हमेशा के लिए अंकित है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता है। न्यूवे-चैपल मेमोरियल वैश्विक शांति के लिए भारत की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का एक शक्तिशाली प्रतीक है, जो शहीद सैनिकों को एक मार्मिक श्रद्धांजलि और उनकी बहादुरी की याद दिलाता है।

गौरतलब है कि भारत-फ्रांस रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत भारतीय थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी 24 से 27 फरवरी तक फ्रांस की आधिकारिक यात्रा पर थे। जनरल द्विवेदी की यात्रा का उद्देश्य भारत और फ्रांस के बीच सैन्य सहयोग को मजबूत करना, सहयोग के नए रास्ते तलाशना और दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाना रहा।

यहां 24 फरवरी को जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पेरिस के लेस इनवैलिड्स में फ्रांस के वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व से मुलाकात की थी। अपने फ्रांस दौरे में जनरल द्विवेदी ने फ्रांसीसी सेना प्रमुख जनरल पियरे शिल से मुलाकात व महत्वपूर्ण चर्चा की है। इस बैठक का उद्देश्य दोनों देशों के बीच मजबूत सैन्य संबंधों को बढ़ावा देना रहा। अपनी यात्रा के अंतिम दिन यहां फ्रांस में भारतीय सैनिकों को पुष्पांजलि देने के बाद जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने फ्रांस के संयुक्त स्टाफ कॉलेज, इकोले डे गुएरे में एक व्याख्यान भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।