जकार्ता : भारत के शीर्ष शटलर किदाम्बी श्रीकांत और एच एस प्रणय को 18वें एशियाई खेलों में बैडमिंटन स्पर्धा के पुरूष एकल के दूसरे दौर के मुकाबलों में हार का मुंह देखना पड़ा। भारत का पुरूष एकल में अभियान निराशाजनक तरीके से समाप्त हुआ। श्रीकांत और प्रणय इस महीने के शुरू में नानजिंग में हुई विश्व चैम्पियनिशप के शुरूआती दौर में बाहर होने के बाद अपने खेल का स्तर बढ़ा नहीं सके। दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत ने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था और मिश्रित टीम को स्वर्ण पदक दिलाया था। लेकिन वह आज 43 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 28वीं रैंकिंग के वोंग विंग कि से 21-23, 19-21 से हार गये।
इसके बाद प्रणय को थाईलैंड के कंटाफोन वांगचारोइन से 65 मिनट तक चले मुकाबले में 12-21, 21-15, 15-21 से पराजय का मुंह देखना पड़ा। राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदकधारी अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी ने हालांकि अपने से ऊंची मलेशियाई जोड़ी पर रोमांचक जीत से महिला युगल के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने चोऊ मेई कुआन और ली मेंग यीन की जोड़ी को 21-17, 16-21, 21-19 से शिकस्त दी। अब कल इस जोड़ी का सामना चेन किंगचेन और जिया यिफान की चीन की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी से होगा।
श्रीकांत का इस मैच से पहले वोंग विंग कि के खिलाफ रिकार्ड 5-2 था लेकिन आज हांगकांग का खिलाड़ी बेहतर साबित हुआ। हांगकांग के खिलाड़ी का डिफेंस काफी मजबूत था और उन्होंने तेज स्ट्रोक से भारतीय खिलाड़ी को 43 मिनट तक चले मुकाबले में पराजित किया। विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर काबिज श्रीकांत पुरूष टीम स्पर्धा में इंडोनेशिया के एंथोनी सिनिसुका जिनटिंग से 21-23, 22-20, 10-21 से हार गये थे।