16 वर्षीय मनु का गोल्ड पर निशाना - Punjab Kesari
Girl in a jacket

16 वर्षीय मनु का गोल्ड पर निशाना

NULL

गुवादालाजरा : भारतीय युवा निशानेबाज मनु भाकर ने यहां चल रहे वर्ष के पहले अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) विश्वकप में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में स्वर्ण पदक जीत भारत को पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा दिया है। हरियाणा की 16 वर्षीय किशोरी भाकर ने रविवार रात महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में सर्वाधिक 237.5 का स्कोर कर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने स्वर्ण के लिये दावेदार दो बार की विश्वकप फाइनल विजेता मेजबान देश की एलेजांद्रा जवाला को हराया। मनु ने विपक्षी खिलाड़ी को 24 शॉट के फाइनल राउंड के आखिरी शॉट में 10.8 के स्कोर से पराजित किया।

मनु ने हाल ही में ब्यूनस आयर्स में अक्टूबर में होने वाले 2018 युवा ओलंपिक खेलों के लिये भी कोटा हासिल किया था। जवाला को 237.1 के स्कोर के साथ रजत और फ्रांस की सेलिन गोबरविले को 217.0 के स्कोर के साथ कांस्य पदक प्राप्त हुआ। भारत की यश्स्विनी सिंह देसवाल फाइनल में पदक से चूक गयीं और चौथे स्थान पर रहीं। उन्होंने 196.1 का स्कोर किया। चैंपियनशिप के दूसरे दिन की समाप्ति तक भारत पदक तालिका में दो स्वर्ण तथा तीन कांस्य के साथ कुल पांच पदक लेकर शीर्ष पर पहुंच गया है। अभी तक किसी अन्य टीम ने एक से अधिक पदक नहीं जीता है। इससे पहले रवि कुमार ने पुरूषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

यह भारत का चौथा पदक है। इससे पहले शाहजार रिजवी और जीतू राय ने पुरूषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण और कांस्य पदक जीता था। वहीं महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में मेहुली घोष ने कांस्य पदक जीता था। झज्जर की रहने वाली मनु भाकर को प्रतिभाशाली निशानेबाज माना जा रहा है और इस स्पर्धा में वह भारत की नई उम्मीद हो सकती हैं। उनकी इस सफलता पर खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौर ने बधाई देते हुए कहा​ कि निशानेबाजों ने हमेशा ही देश को गौरवान्वित किया है।

अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।