भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 जीत कर इतिहास रचा दिया है। बता दे कि भारतीय टीम ने चौथी बार एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है। अब वह सबसे ज्यादा बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली टीम बन चुकी है। वही , इस मामले में भारत ने पाकिस्तान को भी पछाड़ दिया है, जिसने तीन मौके पर टाइटल जीता था। साथ ही भारत-पाकिस्तान के अलावा कोरिया ही एक मौके पर इस टूर्नामेंट को जीत पाया है। साल 2021 के सीजन में कोरिया ने खिताब जीता था।
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में शानदार जीत के लिए PM मोदी ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को दी बधाई !
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में शानदार जीत के लिए शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह जीत खिलाड़ियों के अथक समर्पण, कठोर प्रशिक्षण और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।
पीएम मोदी ने ट्विटर पर पोस्ट करके कहा कि एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता में शानदार जीत पर हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई! यह भारत की चौथी जीत है और हमारे खिलाड़ियों के अथक समर्पण, कठोर प्रशिक्षण और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।
उन्होंने लिखा कि उनके असाधारण प्रदर्शन ने पूरे देश में अत्यधिक गर्व की भावना जगाई है। हमारे खिलाड़ियों को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।
फाइनल मैच में भारत ने मलेशिया को 4-3 से हराया
आपको बता दे कि शनिवार (12 अगस्त) को चेन्नई में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने मलेशिया को 4-3 से हरा दिया। एक तरफ भारत के लिए जुगराज सिंह (नौवें मिनट), कप्तान हरमनप्रीत सिंह (45वें), गुरजंत सिंह (45वें) और आकाशदीप सिंह (56वें) ने जबकि मलेशिया की तरफ से अबू कमाल अजराई (14वें), रहीम राजी (18वें) और मोहम्मद अमीनुदीन (28वें) ने गोल किए।
भारत ने खिताबी मुकाबले में गोल दागने शुरू कर दिए। खेल के 9वें मिनट में जुगराज सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर यह बेहतरीन गोल किया। फिर खेल के 14वें मिनट में अजराई अबू कमाल ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। वही , इसके बाद खेल का दूसरा क्वार्टर पूरी तरह मलेशिया के नाम रहा, जिसमें मेहमान टीम ने 2 गोल किये। अनुभवी खिलाड़ी रजी रहीम ने18वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। फिर 28वें मिनट में मोहम्मद अमीनुद्दीन ने भी पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया। मध्यांतर के समय तक मलेशिया 3-1 से आगे था।
भारत तीसरे क्वार्टर के अंतिम मिनट तक 1-3 से पीछे चल रहा था। लेकिन इसके बाद उसने आखिरी 16 मिनट में मैच का पासा पलटने में देर नहीं लगाई। भारत ने पहले 30 सेकंड के अंदर दो गोल किए और फिर आखिरी क्वार्टर में निर्णायक बढ़त हासिल की। भारत का यह चौथा खिताब है और उसने पाकिस्तान (तीन खिताब) को पीछे छोड़ा। आपको बता दे कि सबसे पहले कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी स्ट्रोक पर जोरदार गोल किया। कुछ सेकेंड बाद गुरजंत सिंह ने फील्ड गोल कर मैच बराबर कर दिया। भारत ने बुलंद हौसलों के साथ चौथे क्वार्टर में कदम रखा। उसके पास 52वें मिनट में बढ़त हासिल करने का सुनहरा मौका था लेकिन सुखजीत सिंह मलेशिया के गोलकीपर को नहीं छका पाए।
आकाशदीप ने हालांकि इसके चार मिनट बाद भारत को निर्णायक बढ़त दिलाई। तब मनदीप सिंह का शॉट मलेशिया के रक्षक ने रोक दिया था लेकिन गेंद आकाशदीप के पास चली गई जिनके ताकतवर शॉट का मलेशिया के गोलकीपर के पास भी कोई जवाब नहीं था।