भारत की जापान पर 8-0 से शानदार जीत - Punjab Kesari
Girl in a jacket

भारत की जापान पर 8-0 से शानदार जीत

भारत ने एशियाई खेलों की पुरूष हॉकी स्पर्धा में जापान को 8-0 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज

जकार्ता : गत चैम्पियन भारत ने एशियाई खेलों की पुरूष हॉकी स्पर्धा में जापान को 8-0 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने अभी तक तीन मैचों में 51 गोल दागे हैं, उसने पूल ए के पिछले मैचों में इंडोनेशिया को 17-0 से हराने के बाद हांगकांग को 26-0 से शिकस्त दी थी। ड्रैग फ्लिकर रूपिंदर पाल सिंह ने 17वें और 37वें मिनट में और मंदीप सिंह ने 32वें और 56वें मिनट में दो दो गोल किये। एसवी सुनील ने सातवें, दिलप्रीत सिंह ने 12वें, आकाशदीप सिंह ने 45वें और विवेक सागर प्रसाद ने 47वें मिनट में गोल दागे। दुनिया की पांचवें नंबर की भारतीय टीम अब 14वीं रैंकिंग पर काबिज कोरिया से खेलेगी और फिर पूल लीग का समापन श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले से करेगी। भारत ने अच्छी शुरूआत करते हुए जापानी गोल में हमले बोले।

टीम ने दूसरे ही मिनट में प्रयास किया लेकिन सुरेंदर कुमार के क्रास पर दिलप्रीत का डिफ्लेक्शन शाट वाइड चला गया। गत चैम्पियन को हालांकि गोल के लिये इंतजार नहीं करना पड़ा और आकाशदीप ने रिवर्स हिट पास दिया और सुनील ने आसानी से इसे नेट में पहुंचा दिया। इसके बाद दिलप्रीत ने पांच मिनट बाद स्कोर दोगुना किया। भारतीय टीम पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलने का मौका चूक गयी जिसके बाद जापान ने पहला प्रयास किया लेकिन इसमें विफल रहे। केंटा तनाका ने दायीं ओर से प्रयास किया लेकिन सतर्क भारतीय गोलकीपर पी आर श्रीजेश ने इस शाट को रोका। दूसरे क्वार्टर में भारत 2-0 से बढ़त बनाये थी और रूपिंदर ने 17वें मिनट में पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर इसे 3-0 कर दिया।

जापानी टीम गोल हासिल करने को जूझती रही और भारत के दो प्रयासों को विफल कर दिया। भारत ने तीसरे क्वार्टर में पेनल्टी कार्नर पर मौका गंवा दिया लेकिन दो मिनट बाद अमित रोहिदास ने मंदीप को गोल करने के लिये मदद की और स्कोर 4-0 हो गया। भारत को तब पेनल्टी स्ट्रोक मिला जब विवेक को सर्कल के अंदर जापानी डिफेंडर ने बाधा पहुंचायी और रूपिंदर ने इस स्पाट को गोल में बदलने में जरा गलती नहीं की। भारत ने जापान पर दबाव बनाये रखा और जल्द ही पांचवां पेनल्टी कार्नर हासिल किया लेकिन इसका फायदा नहीं उठा सके। आकाशदीप, विवेक और मंदीप ने बाद में मैदानी गोल किये।

Asian Games 2018 : कबड्डी सेमीफाइनल में हारा भारत, ईरान ने 27-18 से जीता मैच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।