हॉकी विश्व कप का भव्य उद्घाटन - Punjab Kesari
Girl in a jacket

हॉकी विश्व कप का भव्य उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में बुधवार से ओडिशा में खेले जाने वाले पुरूष हॉकी विश्व कप में भाग ले

भुवनेश्वर : 1975 की विश्व कप विजेता भारतीय टीम के सदस्यों की उपस्थिति, कलिंगा स्टेडियम में झिलमिलाती रोशनी, बॉलीवुड स्टार शाहरु़ख खान के मशहूर डायलॉग ‘70 मिनट हैं तुम्हारे पास’, ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान के मधुर संगीत, बॉलीवुड अदाकारा माधुरी दीक्षित की मनमोहक प्रस्तुति और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मंगलवार को यहां हॉकी विश्व कप का बेहतरीन शुभारंभ हो गया।

ओड़ीशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 28 नवंबर से 16 दिसंबर के बीच होने वाले हॉकी विश्व कप का विधिवत उद्घाटन किया। पटनायक ने ओडिशावासियों और विश्वभर से आये हॉकी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा, ‘‘मैं सभी अंतर्राष्ट्रीय हॉकी टीमों, प्रतिनिधियों और अधिकारियों का स्वागत करता हूं। आप ओडिशा के 4.5 करोड़ लोगों के अतिथि हैं।’’

अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ और भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ नरेंद, ध्रुव बत्रा ने इस अवसर पर कहा, ‘‘भारत में पहली बार इतना शानदार आयोजन हो रहा है। मैं इसके लिए ओड़शा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का आभार व्यक्त करता हूं। उनके प्रयास से हॉकी विश्वकप का आयोजन संभव हो पाया है।’’ विश्व कप में हिस्सा ले रही सभी 16 टीमों के कप्तान मंच पर मौजूद थे।

पटनायक और बत्रा ने सभी कप्तानों से हाथ मिलाया। पटनायक ने शाहरु़ख को गले भी लगाया और किंग खान ने झुकते हुए मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। हाथ में हॉकी स्टिक लिए शाहरु़ख ने जब अपनी मशहूर फिल्म चक दे इंडिया का डायलॉग ‘70 मिनट हैं तुम्हारे पास’ बोला तो खचाखच भरा कलिंगा स्टेडियम तालियों की गड़गड़हट से गूंज उठा।

शाहरुख ने ओड़शा के मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनका आभार जताया कि उन्हें यहां आने का मौका दिया गया। शाहरु़ख ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए अपना हॉकी प्रेम भी प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा कि हॉकी से उनका बचपन से लगाव रहा है, क्योंकि उनके पिता एक हॉकी खिलाड़ी रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कलिंग सेना ने शाहरुख पर स्याही फेंकने की धमकी दी थी, लेकिन उद्घाटन समारोह से पहले अपनी धमकी वापस ले ली थी जिसके बाद शाहरुख मंगलवार को ओडिशा पहुंचे। मशहूर बॉलीवुड अदाकारा माधुरी दीक्षित ने बेहतरीन पारंपरिक परफॉर्मेंस दिया।

मोदी ने दी सभी टीमों को शुभकामनाएं 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में बुधवार से ओडिशा में खेले जाने वाले पुरूष हॉकी विश्व कप में भाग ले रही 16 टीमों को मंगलवार को यहां शुभकामनाएं दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ओडिशा में हो रहे पुरूष हाकी विश्व कप 2018 में भाग लेने वाली सभी टीम का स्वागत करता हूं और शुभकामनाएं देता हूं।

मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि यह टूर्नामेंट खेले प्रेमियों के लिए काफी सुखद अहसास होगा तथा इससे भारत और खासकर ओडिशा की संस्कृति के बारे में जानने का मौका मिलेगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।