कमिंस 15.50 करोड़ में बने IPL के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

कमिंस 15.50 करोड़ में बने IPL के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी

आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस को इंडियन प्रीमियर लीग-2020 की कोलकाता में गुरूवार को हुई नीलामी में

आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस को इंडियन प्रीमियर लीग-2020 की कोलकाता में गुरूवार को हुई नीलामी में कोलकाता नाइटराइडर्स ने 15.5 करोड़ रूपये की भारी भरकम कीमत खर्च कर अपनी टीम का हिस्सा बनाया जबकि उन्हीं की टीम के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को 10.75 करोड़ रूपये की रकम खर्च कर किंग्स इलेवन पंजाब ने अपनी टीम का हिस्सा बना लिया। कमिंस इस तरह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी और आईपीएल इतिहास के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। 
कमिंस अधिकतम 2 करोड़ रूपये के बेस प्राइस की सूची में थे। कमिंस ने इस कीमत के साथ आईपीएल के पिछले रिकार्ड को भी तोड़ दिया है और वह हमवतन बेन स्टोक्स से आगे निकल गये जो 14.5 करोड़ रूपये की कीमत के साथ आईपीएल के इतिहास के सबसे विदेशी महंगे खिलाड़ी थे। इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को 2017 में नई टीम राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स ने 14.5 करोड़ रूपये में खरीदा था। 
भारतीय और बेंगलुरु टीम के कप्तान विराट कोहली 17 करोड़ की कीमत के साथ इस लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। बेंगलुरु ने विराट को रिटेन किया था। पूर्व भारतीय आलराउंडर युवराज सिंह को 2015 की नीलामी में दिल्ली ने 16 करोड़ रुपये की अविश्वसनीय कीमत पर खरीदा था। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज इस कीमत के साथ चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद सिंह धोनी, मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा और दिल्ली कैपिटल्स के ऋषभ पंत से आगे निकल गए हैं जिनकी कीमत 15-15 करोड़ रुपये है और उन्हें उनकी टीमों ने रिटेन किया है। 
नीलामी में कुल 332 खिलाड़ियों पर बोली लगनी थे लेकिन इसमें छह खिलाड़ी और जोड़ गए जिससे यह संख्या 338 पहुंच गयी। जिनमें 191 भारतीय और 144 विदेशी खिलाड़ी तथा एसोसिएट देशों से भी तीन क्रिकेटर शामिल थे। इनमें से 29 विदेशियों सहित कुल 73 खिलाड़यों को खरीदा जाना था। 
कमिंस की ही टीम के स्टार ऑलराउंडर मैक्सवेल को भी मोटी रकम मिली है जिन्हें पंजाब ने 10.75 करोड़ रूपये में खरीदा है। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रूपये था। आईपीएल नीलामी में अन्य खिलाड़ियों में दक्षिण अफ्रीका के क्रिस मौरिस को उनके बेस प्राइस 1.5 करोड़ रूपये की तुलना में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने 10 करोड़ रूपये में खरीदा। 
वेस्ट इंडीज के शेल्डन कोट्रेल को पंजाब ने 8.50 करोड़ रूपये की भारी कीमत में खरीदा जबकि उनका बेस प्राइस 50 लाख रूपये था। कोट्रेल के लिये पंजाब और राजस्थान रायल्स के बीच नीलामी में काफी जोर आजमाइश देखने को मिली। नाथन कोल्टर नाइल को मुंबई इंडियन्स ने 8 करोड़ रूपये में खरीदा। उन्हें अपने 1 करोड़ रूपये के बेस प्राइस की तुलना में काफी ऊंची कीमत मिली।
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज शिमरोन हेत्माएर के लिए राजस्थान रॉयल्स ने नीलामी शुरू की। इसके बाद कोलकाता नाइटराइडर्स ने इस बोली को आगे बढ़ते हुए 1 करोड़ के पार पहुंचाया। कोलकाता और राजस्थान के बीच इस बल्लेबाज को टीम में शामिल करने के लिए बोली चलती रही। दिल्ली कैपिटल्स भी इसमें शामिल हुई। दिल्ली ने 7.75 करोड़ में उन्हें खरीदा। वह 50 लाख की बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरे थे। 22 साल के हेत्माएर ने चेन्नई में भारत के खिलाफ पहले वनडे में भी 139 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी। 
लेग स्पिनर पीयूष चावला भारतीय खिलाड़ियों में सबसे महंगे रहे जिन्हें चेन्नई ने 6.75 करोड़ रूपये में खरीदा जबकि उनका बेस प्राइस एक करोड़ रूपये था। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट एक बार फिर राजस्थान में लौट आये हैं और राजस्थान ने उनके बेस प्राइस 1 करोड़ रूपये की तुलना में उन्हें 3 करोड़ रूपये में खरीदा। विस्फोटक बल्लेबाज रोबिन उथप्पा को राजस्थान ने 2.80 करोड़ में खरीदा। भारत की तरफ से सबसे महंगे बेस प्राइस के साथ उथप्पा नीलामी में शामिल हुए थे। उन्होंने 1.50 करोड़ का बेस प्राइस रखा था। 
इंग्लैंड के सैम करेन पर चेन्नई सुपरकिंग्स ने 5.50 करोड़ रूपये खर्च किये। दिल्ली कैपिटल्स ने क्रिस वोक्स को 1.50 करोड़ रूपये में खरीदा जबकि ऑस्ट्रेलिया के वनडे और टी-20 कप्तान आरोन फिंच को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 4.40 करोड़ में खरीदा। वह 1 करोड़ के बेस प्राइस के साथ नीलामी में शामिल हुए थे। 
इंग्लैंड के कप्तान इयोन मॉर्गन को कोलकाता नाइटराइडर्स ने 5.25 करोड़ में खरीदा। मॉर्गन का बेस प्राइस 1.50 करोड़ था। इंग्लैंड के जैसन रॉय को दिल्ली कैपिटल्स ने 1.50 करोड़ की बेस प्राइस में खरीदा। 
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज क्रिस लिन को मुंबई ने 2 करोड़ में खरीदा। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस जॉर्डन को पंजाब की टीम ने 3 करोड़ रुपये में खरीदा। उनका बेस प्राइस 75 लाख रुपये था। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन बेंगलुरु के लिए 4 करोड़ रुपये में खेलेंगे। उन्होंने अपना आखिरी आईपीएल साल 2016 में आरसीबी के लिए ही खेला था। 
मुंबई के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को 2 करोड़ 40 लाख रुपये में राजस्थान ने खरीदा। विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक जमाने वाले यशस्वी को खरीदने में हर टीम ने इच्छा जताई, लेकिन सफलता राजस्थान को मिली। बेहद गरीब परिवार से आने वाले यशस्वी का बेस प्राइज 20 लाख था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 × one =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।