लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (18 रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से भारत ने बंगलादेश को त्रिकोणीय टी 20 सीरीज निदहास ट्रॉफी के फाइनल में रविवार को आठ विकेट पर 166 रन पर रोक लिया। बंगलादेश के लिए शब्बीर रहमान ने एकतरफा संघर्ष करते हुए 50गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 77 रन की शानदार पारी खेली और बंगलादेश को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने भारतीय गेंदबाजों पर विकेट के पीछे कई लाजवाब शॉट खेले। टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे बंगलादेश को लेग स्पिनर युजवेंद, चहल ने तीन विकेट लेकर झकझोर दिया। बंगलादेश ने हालांकि अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़ लेकिन ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुन्दर ने ओपनर लिटन दास को सुरेश रैना के हाथों कैच कराकर बंगलादेश को पहला झटका दिया। लिटन नौ गेंदों में 11 रन ही बना सके। सुन्दर का टूर्नामेंट में यह आठवां विकेट था।
चहल ने इसके बाद बंगलादेश को एक के बाद एक तीन झटके दिए। चहल ने तमीम इकबाल को शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच कराया, सौम्य सरकार को शिखर धवन के हाथों कैच कराया और फिर मुशफिकुर रहीम को विजय शंकर के हाथों लपकवा कर बंगलादेश का स्कोर 11 वें ओवर तक चार विकेट पर 68 रन कर दिया। तमीम 15, सौम्य एक और मुशफिकुर नौ रन ही बना सके। शब्बीर रहमान ने गिरते विकेटों के बीच एक छोर संभाले रखा और भारतीय गेंदबाजों पर दर्शनीय शॉट लगाए। उन्होंने पिछले मैच के हीरो महमूदुल्लाह के साथ पांचवें विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी की। महमूदुल्लाह 16 गेंदों में दो चौकों की मदद से 21 रन बनाने के बाद रन आउट हो गए लेकिन शब्बीर ने रन बनाने का सिलसिला जारी रखा और टी 20 का अपना चौथा अर्धशतक पूरा कर लिया। शब्बीर का साथ देने मैदान में उतरे कप्तान शाकिब अल हसन सात रन बनाकर रन आउट हो गए। शब्बीर और शाकिब ने छठे विकेट के लिए 29 रन जोड़। बंगलादेश का छठा विकेट 133 के स्कोर पर गिरा।
भारत के लिए खतरनाक साबित हो रहे शब्बीर को आखिर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने 19 वें ओवर की दूसरी गेंद पर बोल्ड कर दिया। उनादकट ने फिर अगली ही गेंद पर रुबेल हुसैन को भी बोल्ड कर दिया। मेहदी हसन ने आखिरी ओवर में शार्दुल ठाकुर की गेंदों पर लगातार चौका और छक्का मार कर बंगलादेश को 150 के पार पहुंचा दिया। हसन ने चौथी गेंद पर फिर चौका लगाया और अगली गेंद पर दो रन लिए। आखिरी गेंद पर भी दो रन बने और इस ओवर में कुल 18 रन पड़ जिससे बंगलादेश का स्कोर 166 रन पहुंच गया। हसन सात गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे। भारत की तरफ से चहल ने 18 रन पर तीन विकेट, उनादकट ने 33 रन पर दो विकेट और सुन्दर ने 20 रन पर एक विकेट लिया।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


















