केन्द्रीय मंत्री मेघवाल का बेतुका बयान, बोले - जैसे-जैसे मोदी की लोकप्रियता बढेगी, वैसे-वैसे ‌लिंचिंग की घटनाएं भी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

केन्द्रीय मंत्री मेघवाल का बेतुका बयान, बोले – जैसे-जैसे मोदी की लोकप्रियता बढेगी, वैसे-वैसे ‌लिंचिंग की घटनाएं भी

NULL

नई दिल्ली: गो-तस्करी के शक में अलवर एक बार फिर शख्स की पीट-पीट कर की गई हत्या के मामले में केंद्रीय जलसंसाधन एवं नदी विकास राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने अजीब बयान दिया है। उनका कहना है कि जैसे-जैसे मोदी की लोकप्रियता बढ़ती जायेगी, ऐसी घटनाएं और होंगी। मेघवाल ने कहा है कि वह इस घटना की निंदा करते हैं लेकिन यह सिर्फ अकेली घटना नहीं है। हमें इसके इतिहास में जाना होगा। यह क्यों हो रहा है? कौन इसे रोकेगा? 1984 का सिख दंगा इतिहास की सबसे बड़ी ‘मॉब लिंचिग’ थी।

उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे मोदी जी लोकप्रिय होते जायेंगे ऐसी घटनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने शक जताते हुये कहा कि बिहार में चुनाव के समय ‘पुरस्कार वापसी’, यूपी चुनाव में ‘मॉब लिचिंग’ और 2019 में कुछ और होगा। केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि मोदी जी की ओर से शुरू की गई योजनाओं का असर दिख रहा है और यही इसका रिएक्शन है। वहीं राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि अलवर जिले के रामगढ़ में गो-तस्करी के शक में व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम अकबर था। अकबर और असलम गाय लेकर जा रहे थे, तभी भीड़ ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें अकबर की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार रात की है और इस मामले की जांच की जा रही है।

भाजपा सरकार जिम्मेदार : विपक्ष 
विपक्ष ने सरकार पर भीड़ द्वारा मारपीट की घटना को नियंत्रण नहीं रखने के लिए आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की चेतावनी और दिशा-निर्देश के बावजूद अलवर में एक आदमी के साथ भीड़ ने मारपीट की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने भीड़ द्वारा मारपीट की घटना के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में संदेह पर लोगों द्वारा मारपीट कर लोगों की हत्या किया जाना आम बात हो गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।