राजस्थान : मदन लाल सैनी बने भाजपा के नए अध्यक्ष - Punjab Kesari
Girl in a jacket

राजस्थान : मदन लाल सैनी बने भाजपा के नए अध्यक्ष

मदन लाल सैनी की राजस्थान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के पद पर ऐसे समय में नियुक्ति की गई है

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने राज्यसभा सांसद मदन लाल सैनी को राजस्थान प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस पद पर वे अशोक परणामी का स्थान लेंगे जिन्होंने दो महीने पूर्व इस्तीफा दे दिया था। भाजपा कार्यालय के बयान में कहा गया है कि मदन लाल सैली की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होती है।

मदन लाल सैनी की राजस्थान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के पद पर ऐसे समय में नियुक्ति की गई है जब इस वर्ष के अंत में राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं । इस पद पर सैनी की नियुक्ति राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बीच कई दौर की बातचीत के बाद हुई है।

shah_raje

इससे पहले केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की इस पद पर नियुक्त किये जाने की संभावना से जुड़ी खबरें सामने आ रही थी। राज्य के वरिष्ठ नेताओं ने सैनी को इस पर नियुक्त किये जाने को लेकर उन्हें शुभकामनाएं दी। पार्टी के नेता और उनके समर्थन पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पहुंचे जहां उनकी नियुक्त की औपचारिक घोषणा की गई । 75 वर्षीय सैनी पूर्व विधायक और आरएसएस प्रचारक रहे हैं। उन्होंने भारतीय किसान मोर्चा और भारतीय मजदूर संघ में कई पदों पर काम किया है।

भाजपा नेताओं ने बधाई दी 

BJP flag

भाजपा नेता एवं राज्यसभा सदस्य मदन लाल सैनी के राजस्थान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने पर भाजपा नेताओं ने बधाई एवं शुभकामनांए दी। सैनी के राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने की घोषणा के साथ ही भाजपा नेताओं और उनके समर्थक पार्टी मुख्यालय पहुंचे। भाजपा विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने बताया कि सैनी ने पार्टी के साथ पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम किया है। वह पार्टी की सभी महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लेते रहे। वह हाल ही में राज्यसभा सदस्य बने हैं।

उन्होंने कहा कि मदन लाल सैनी को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने से यह संदेश मिलता है कि एक कार्यकर्ता भी प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है। सैनी पार्टी के साथ पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करते रहे हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरूण चतुर्वेदी ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता और नेता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष के निर्देश में कार्य करेंगे।

इस वर्ष मार्च महीने में सैनी के साथ राज्यसभा सदस्य बने किरोडी लाल मीणा ने कहा कि सैनी पार्टी के जमीनी स्तर के समर्पित कार्यकर्ता हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने पर सैनी के समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा की। पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता 75 वर्षीय सैनी आज दिल्ली में हैं। वह भाजपा के भारतीय किसान मोर्चा, अनुशासन कमेटी सहित पार्टी के कई अन्य पदों पर कार्य कर चुके हैं।

अधिक जानकारियों के लिए यहां क्लिक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।