प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश को मोदी पर विश्वास है कि वह खुद पर वार झेल सकता है लेकिन देश को झुकने नहीं देगा। चित्तौड़गढ़ में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ”देश को विश्वास है कि मोदी खुद पर वार झेल सकता है, अपने राजनीतिक भविष्य को दांव पर लगा सकता है कि लेकिन देश को कभी झुकने नहीं दे सकता।”
उन्होंने कहा, ”पूरे देश में जो लहर चल रही है वह राजस्थान में भी दिख रही है। राजस्थान का एक एक साथी इस चौकीदार के साथ चट्टान की तरह खड़ा रहा है।” मोदी ने कहा कि यह चुनाव किसी पार्टी या उम्मीदवार विशेष का चुनाव नहीं है बल्कि देश का हर नागरिक इसको अपनी जिम्मेदारी मानकर चल रहा है। उन्होंने कहा, ”हिंदुस्तान का हर नागरिक इस चुनाव को अपनी जिम्मेदारी मानकर चल रहा है। देश का उज्जवल भविष्य चाहने वाले नागरिक ही यह चुनाव लड़ रहे हैं।”
‘मोदी-मोदी’ के नारों के बीच प्रधानमंत्री ने उपस्थिति जनता से सवाल किया, ”आपको देश को कमजोर बनाने वाली कांग्रेस चाहिए या देश को मजबूत बनाने वाली भाजपा चाहिए।” उन्होंने कहा कि दशकों तक कांग्रेस पर देश ने बहुत भरोसा किया। लेकिन पांच दशकों से ज्यादा का समय कांग्रेस ने एक परिवार की सेवा में लगा दिया। इस दौरान देश के सामर्थ्य के साथ, देश के संसाधनों के साथ न्याय नहीं हुआ।
पाकिस्तान अगर हमारा पायलट नहीं लौटाता तो वह ‘कत्ल की रात’ होती : मोदी
चित्तौड़गढ़ में पीएम मोदी ने कहा कि महाराणा प्रताप और रानी पद्मिनी के संस्कार आप लोगों में हैं, तो आप से मैं पूछता हूं कि आप मजबूर भारत देखना चाहते हैं या मजबूत भारत? आप पाकिस्तान के आगे झुकने वाला भारत चाहते हैं या पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब देने वाला भारत? उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में राजस्थान की सभी 25 सीटें भाजपा को मिली थीं और इस बार यह रिकार्ड टूटना चाहिए तथा जीत और अधिक अंतर से होनी चाहिए। मौजूदा लोकसभा चुनाव में मोदी की यहां यह पहली जनसभा रही।
कांग्रेस पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहां राजस्थान में किसी ने यहां कहा था कि 10 दिन में किसानों का कर्जा माफ कर दूंगा? कर्ज माफ हुआ क्या? लेकिन बताया तो यही जा रहा है कि राजस्थान में किसानों का कर्ज माफ हो गया। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस में ईमानदारी होती, देश के लिए कुछ करने का जज्बा होता, तो वो सत्ता के इतने वर्षों में बहुत कुछ कर सकती थी। लेकिन उसने वोटबैंक की राजनीति की, सत्ता को अपनी तिजोरी भरने का माध्यम बनाया और लोगों से झूठ बोलकर उन्हें धोखा दिया। पीएम मोदी ने कहा कि जनता से झूठ बोलने वालों की केवल तीन सच्चाई हैं। इनके आचार, विचार, व्यवहार में तीन बातें पक्की हैं- नामदार परिवार, भ्रष्टाचार और झूठे वादों की भरमार, इसके अलावा कुछ नहीं है।
पानी की कमी को लेकर कांग्रेस पर हमला करते हुए पीएम ने कहा कि पानी को लेकर कांग्रेस का रवैया कैसा रहा है ये आप भी जनते हैं। कांग्रेस ने आपसे वोट तो लिया लेकिन आपके हिस्से का पानी पाकिस्तान को पिलाती रही है। आप प्यासे रहे और कांग्रेस पाकिस्तान की प्यास बुझाने की चिंता करती रही। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस ने सिंधु जल संधि के मुताबिक हमारे हिस्से का पानी रोक लिया होता तो आज राजस्थान में पानी की किल्लत न होती।
श्रीलंका में हुए धमाके का जिक्र करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूरे विश्व में आज ईस्टर का पर्व मनाया जा रहा है ऐसे समय में हमारे मित्र देश श्रीलंका में आतंकवादियों द्वारा चर्च और होटलों में अनेक बम धमाके किये गए। नराधम आतंकियों द्वारा चर्च में प्रार्थना कर रहे, दिव्यात्मा की अनुभूति कर रहे सैकड़ों निर्दोषों को मार दिया गया। उन्होंने कहा कि श्रीलंका के लोगों के साथ भारत पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। इस संकट की घड़ी में भारत श्रीलंका की हर संभव मदद के लिए तैयार है।