गहलोत ने केंद्र को पत्र लिखकर MSP पर धान की खरीद शुरू करने का किया आग्रह, कहा- किसानों को हो रहा नुकसान - Punjab Kesari
Girl in a jacket

गहलोत ने केंद्र को पत्र लिखकर MSP पर धान की खरीद शुरू करने का किया आग्रह, कहा- किसानों को हो रहा नुकसान

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान की खरीद शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया हैं। सीएम गहलोत ने केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर यह आग्रह किया ताकि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके और उन्हें आर्थिक नुकसान नहीं हो। 
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा कि प्रदेश के हनुमानगढ़ एवं गंगानगर जिले में वर्ष 2021-22 के दौरान 2.62 लाख टन धान का उत्पादन होने का अनुमान है। ऐसे में समर्थन मूल्य पर 50 हजार टन धान की खरीद का लक्ष्य आवंटित करते हुए एफसीआई को क्रय एजेंसी नियुक्त करते हुए बारदाना सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं। उन्होंने लिखा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का नीतिगत लक्ष्य निर्धारित कर रखा है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद का सीधा प्रभाव किसानों की आय पर पड़ता है। 
इस वर्ष धान की खरीद अभी तक शुरू नहीं होने से लागत में बढ़ोतरी की मार झेल रहे किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ जिले के घग्गर बेल्ट में बासमती धान की फसल में बीमारी लगने के बाद पिछले दो वर्षों से किसान बासमती के स्थान पर परमल धान की बुआई कर रहे हैं। उस क्षेत्र में परमल धान का उत्पादन काफी अधिक हो रहा है। पिछले वर्ष परमल धान का समर्थन मूल्य 1888 रूपए प्रति कि्वंटल था, जबकि बाजार भाव 1400 से 1600 रूपए प्रति कि्वंटल रहा। 
समर्थन मूल्य पर धान की खरीद नहीं होने से किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ। वर्ष 2021-22 में धान का समर्थन मूल्य 1960 प्रति कि्वंटल तय किया गया है, जबकि बाजार में धान 1650 से 1700 रूपए प्रति कि्वंटल बिक रहा है। समर्थन मूल्य पर जल्दी खरीद शुरू नहीं की गई तो इन किसानों को पिछले वर्ष की तरह ही इस वर्ष भी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाएगा और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।