कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुरूप फैसला किया गया, 2023 में राज्य में फिर कांग्रेस सरकार बनाएगी : डोटासरा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुरूप फैसला किया गया, 2023 में राज्य में फिर कांग्रेस सरकार बनाएगी : डोटासरा

राजस्थान के अशोक गहलोत मंत्रिपरिषद में फेरबदल को सभी वर्गों को साधने वाला बताते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद

राजस्थान के अशोक गहलोत मंत्रिपरिषद में फेरबदल को सभी वर्गों को साधने वाला बताते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने रविवार को कहा कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुरूप फैसला किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 2023 में राज्य में फिर कांग्रेस सरकार बनाएगी। कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में डोटासरा ने मंत्रिपरिषद फेरबदल पर कहा, ‘‘अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिलाओं सब को प्रतिनिधित्व दिया गया है। आम कार्यकर्ता में खुशी की लहर है। कार्यकर्ताओं के भावनाओं के अनुरूप निर्णय किया गया है।’’
सभी वर्गों को साधते हुए संतुलित मंत्रिपरिषद का गठन किया जा रहा है
उन्होंने कहा, ‘‘हम सब लोग एक नई ताकत के साथ में जो अच्छा शासन हमारी सरकार दे रही है जो हमारी सरकार की योजनाएं हैं, उनका हम गांव ढाणी जाकर प्रचार-प्रसार करेंगे संगठन के कार्यकर्ताओं के माध्यम से।’’ उन्होंने कहा कि सभी वर्गों को साधते हुए संतुलित मंत्रिपरिषद का गठन किया जा रहा है और 2023 में राज्य में फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने किसी भी विधायक में नाराजगी की खबरों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि अभी कई जिम्मेदारियां मिलेंगी .. जिला अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष बनेंगे, प्रकोष्ठ बनेंगे, सबको समायोजित किया जाएगा और सबको जिम्मेदारी दी जाएगी। वहीं मंत्रिपरिषद से हटाए गए डा. रघु शर्मा ने कहा, ‘‘मैं आलाकमान का आभारी हूं, मुख्यमंत्री का आभारी हूं कि उन्होंने मजबूत चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह दी।’’ उन्होंने कहा कि फेरबदल में राजनीतिक स्थिति के हिसाब से फैसले होते हैं।
सरकार पूरे राज्य में संवेदनशील व और अच्छा शासन देने का प्रयास करेगी
वहीं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि बहुत बढ़िया मंत्रिपरिषद बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे राज्य में संवेदनशील व और अच्छा शासन देने का प्रयास करेगी। वहीं महेश जोशी ने कहा, ‘‘लोगों की अपेक्षाएं बढ़ेंगी और हम उन अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।’’ जोशी को मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने की चर्चा है। उल्लेखनीय है कि गहलोत मंत्रिपरिषद पुनर्गठन के तहत कुल 15 विधायक रविवार शाम यहां मंत्री पद की शपथ लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।