अशोक गहलोत ने अपने मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को किया बर्खास्त , भाजपा ने कांग्रेस को घेरा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

अशोक गहलोत ने अपने मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को किया बर्खास्त , भाजपा ने कांग्रेस को घेरा

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को बर्खास्त कर दिया है। मंत्री गुढ़ा

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को बर्खास्त कर दिया है। मंत्री गुढ़ा ने कहा था कि राजस्थान में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। गुढ़ा ने शुक्रवार को विधानसभा में महिला अत्याचार के मुद्दे पर अपनी ही सरकार को घेरा था, इसके कुछ ही घंटे बाद यह कार्रवाई हुयी है।
बता दे कि गुढ़ा ने एक तरह से अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए थे, जिसके चलते उनका बयान आग की तरह फैल गया। इसे लेकर राजस्थान की विपक्षी पार्टी बीजेपी ने गहलोत सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। 
राजेंद्र गुढ़ा ने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए अपनी ही सरकार पर निशाना साधा
दरअसल, राजेंद्र गुढ़ा ने शुक्रवार को राजस्थान विधानसभा में महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए अपनी ही सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, “यह सच है कि हम महिलाओं की सुरक्षा करने में नाकाम रहे हैं। जिस तरह से मणिपुर के बजाय राजस्थान में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं, हमें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। “
राजभवन के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य मंत्री गुढ़ा को बर्खास्त करने के बारे में मुख्यमंत्री की अनुशंसा को राज्यपाल ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
गहलोत ने राज्यपाल कलराज मिश्र को राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह गुढ़ा को बर्खास्त करने की अनुशंसा की
राजभवन के बयान के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज सायं काल में राज्यपाल कलराज मिश्र को राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह गुढ़ा को बर्खास्त करने की अनुशंसा की।
इसमें कहा गया है कि राज्यपाल ने मुख्यमंत्री गहलोत की इस अनुशंसा को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है । राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा अपने ही मंत्री राजेंद्र गुढ़ा को पद से बर्खास्त करने पर सवाल खड़ा करते हुए भाजपा ने पूछा है कि क्या कांग्रेस को महिला सुरक्षा पर भाषण देने का अधिकार है?
भाजपा ने कांग्रेस को घेरा
भाजपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर अशोक गहलोत द्वारा बर्खास्त किए गए मंत्री के बयान को कोट करते हुए कहा कि ये सच है कि हमारी सरकार महिला सुरक्षा में असफल हुई है! मणिपुर के बजाय हमें ख़ुद के गिरेबान में झांकना चाहिए!
ये बयान राजस्थान की कांग्रेस सरकार के एक मंत्री का है, वह भी सदन के पटल पर! सच बोलने के लिए कांग्रेस ने मंत्री को बर्खास्त भी कर दिया है। अब भी आपको लगता है कि कांग्रेस को महिला सुरक्षा पर भाषण देने के अधिकार है?
भाजपा ने राहुल गांधी के मोहब्बत की दुकान पर किया कटाक्ष
भाजपा ने अपने दूसरे ट्वीट में राहुल गांधी के चर्चित बयान ‘मोहब्बत की दुकान’ पर कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि ऐसा लगता है कि मोहब्बत की दुकान में ईमानदार ग्राहकों के लिए कोई जगह नहीं है। इस दुकान में केवल भ्रष्ट और झूठे लोगों का ही स्वागत है!
इंदिरा गांधी सरकार, कांग्रेस, राहुल गांधी और अशोक गहलोत पर एक साथ निशाना साधा
भाजपा ने ट्वीट कर कांग्रेस की पूर्ववती इंदिरा गांधी सरकार, कांग्रेस, राहुल गांधी और अशोक गहलोत पर एक साथ निशाना साधते हुए कहा, ‘महिला सशक्तीकरण, कांग्रेस शैली, इंदिरा गांधी से प्रेरित लोकतांत्रिक स्वभाव की झलक! राजस्थान सरकार में एक मंत्री को सच बोलने पर हटा दिया गया। ऐसा लगता है कि मोहब्बत की दुकान में ईमानदार ग्राहकों के लिए कोई जगह नहीं है। इस दुकान में केवल भ्रष्ट और झूठे लोगों का ही स्वागत है!’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।