अशोक गहलोत का केंद्र पर आरोप- गृह मंत्रालय की वजह से कोरोना से जंग में पैदा हो रहा है कन्फ्यूजन - Punjab Kesari
Girl in a jacket

अशोक गहलोत का केंद्र पर आरोप- गृह मंत्रालय की वजह से कोरोना से जंग में पैदा हो रहा है कन्फ्यूजन

अशोक गहलोत ने लॉकडाउन के कारण दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों की घरवापसी का मुद्दा फिर उठाते हुए

देश इस समय कोरोना महामारी के संकट से जूझ रहा है लेकिन राजनीतिक उठापठक बदस्तूर जारी है। राजनेता इस नाजुक और संवेदनशील दौर में भी एकदूसरे पर कटाक्ष करने में पीछे नहीं है। कई गैर भाजपा राज्य सरकारें केंद की नीतियों पर शुरू से ही सवाल उठाते आये है और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गृह मंत्रालय पर गंभीर आरोप लगाये है। 
अशोक गहलोत ने लॉकडाउन के कारण दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों की घरवापसी का मुद्दा फिर उठाते हुए शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार को इन मजदूरों की सुगम आवाजाही के लिए कोई सोच समझकर रणनीति बनानी चाहिए। गहलोत ने इस बारे में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और राजस्थान सहित अन्य राज्यों के उन प्रवासी श्रमिकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की जो लॉकडाउन के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे हैं। 

गहलोत ने इस मुद्दे को लेकर कई ट्वीट किए। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मैं पहले दिन से ही कह रहा हूँ कि देशभर में फंसे प्रवासी श्रमिकों के सुगम आवागमन के लिए रणनीति बनाई जानी चाहिए लेकिन दुर्भाग्य से उसे लेकर कोई स्पष्टता नहीं है।’’ 
गहलोत ने कहा कि सुनियोजित रणनीति के साथ राज्यों के साथ एकीकृत कमांड स्ट्रक्चर के आधार पर औपचारिक संवाद की व्यवस्था करना ज्यादा लाभकारी होगा बजाय कि गृह मंत्रालय व कैबिनेट सचिवालय के अलग-अलग अधिकारियों द्वारा राज्यों से अनौपचारिक संवाद किया जाए ताकि प्रवासी मज़दूरों व छात्रों की समस्या का व्यापक समाधान हो। राजस्थान मुख्यमंत्री के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा आवागमन के लिए सुनियोजित तरीके से विशेष ट्रेन चलाया जाना भी इसका समाधान हो सकता है ताकि प्रवासियों की समस्या का समाधान हो सके। 
मुख्यमंत्री ने लिखा है कि ‘‘कोरोना वायरस संक्रमण महामारी की लड़ाई में पूरा देश एकजुट है। भारत सरकार को भी राज्यों को दिशानिर्देश जारी करते समय वही एकरूपता दिखानी चाहिए, भले ही वहां पर किसी भी पार्टी की सरकार हो।’’ इसके साथ ही गहलोत ने श्रमिकों को आश्वस्त किया है कि वे धैर्य बनाएं रखें, सरकार उनके लिए प्रयासरत है। 

गहलोत ने ट्वीट किया है, ‘‘राजस्थान के वे सभी भाई-बहन जो लॉकडाउन के चलते देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए हैं, मेरी उनसे अपील है कि कृपया संयम व धैर्य बनाए रखें। हम आप सभी को वापस लाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। आपकी सकुशल वापसी के लिए हम गृह मंत्रालय एवं राज्यों के मुख्यमंत्रियों से लगातार संपर्क में हैं।’’ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।