कांग्रेस पार्टी में पैसे लेकर टिकट बांटने का खुला खेल चल रहा है : शेखावत  - Punjab Kesari
Girl in a jacket

कांग्रेस पार्टी में पैसे लेकर टिकट बांटने का खुला खेल चल रहा है : शेखावत 

गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की शक्ति के आधार पर कार्य करने वाली पार्टी है।

केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि टिकट वितरण से पहले कांग्रेस का असली चरित्र जनता के सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में पैसे लेकर टिकट बांटने का खुला खेल चल रहा है। वहीं कांग्रेस ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि इसमें विरोधी पार्टी का हाथ भी हो सकता है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर संवाददाताओं से बातचीत में शेखावत ने कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर कहा कि ”नाम बड़े – काम खोटे, टिकट के लिए लेते है दाम मोटे” जैसी कहावत को कांग्रेस चरितार्थ करती है। इधर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि इसमें विरोधी पार्टी का हाथ भी हो सकता है।

उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों पर भेदभाव पूर्ण तरीके से पैनल में नाम जोड़ने के आरोप निराधार हैं। सभी कांग्रेस के पदाधिकारी मेहनत से काम कर रहे हैं और अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, ”टिकट वितरण को लेकर जो मीडिया में छप रहा है उसका मैं खंडन करता हूं।”

शेखावत ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की शक्ति के आधार पर कार्य करने वाली पार्टी है। कार्यकर्ताओं की शक्ति ही पार्टी की शक्ति है।उन्होंने कहा कि दो से चार नवम्बर तक सम्पन्न हुए ‘‘बूथ महासम्पर्क अभियान’’ के तहत 7,808 शक्ति केन्द्रों पर 51,844 बूथों में से 42,688 बूथों तक इस अभियान के माध्यम से भाजपा के विचार को पहुंचाया गया। इस अभियान के द्वारा लगभग 70 लाख परिवारों तक भाजपा का कार्यकर्ता पहुंचा है।

राफेल सौदे से बिचौलिए को भगाया इसलिए दुखी है कांग्रेस : अर्जुन राम मेघवाल

 उन्होंने कहा कि इस बूथ महासम्पर्क अभियान में मुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री, मंत्रिमण्डल के सदस्य, पार्टी संगठन के पदाधिकारियों सहित जिन कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया है, मैं उन सबका अभिनन्दन करता हूँ। शेखावत ने कहा कि पांच से आठ नवम्बर तक पूरे प्रदेश में 1,032 मण्डलों में ‘‘कार्यकर्ता परिवार मिलन’’ कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी के विचार से जुड़े हुए परिवारों को पार्टी के पक्ष में सक्रियता से जुटने का आग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से आठ से 11 नवम्बर तक नगर पालिका, नगर परिषद व नगर निगम क्षेत्रों में ”प्रबुद्धजन सम्मेलनों” का आयोजन किया जायेगा और इन ”प्रबुद्धजन सम्मेलनों” में बुद्धिजीवी वर्ग के साथ भाजपा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी संवाद करेंगे।

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि भाजपा की ओर से ”मेरा परिवार-भाजपा परिवार” कार्यक्रम के तहत आगामी 10 व 11 नवम्बर को प्रदेशभर के घरों में भाजपा के झण्डे तथा स्टीकर लगाने की योजना है। प्रदेश में इतने बड़े स्तर पर गांव-गांव, घर-घर तक जनसम्पर्क करने वाली भारतीय जनता पार्टी अकेली पार्टी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

four × one =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।