पंजाब : कांग्रेस नेता वडिंग ने केजरीवाल पर साधा निशाना, पूछा- 6 महीने में क्या बदला? - Punjab Kesari
Girl in a jacket

पंजाब : कांग्रेस नेता वडिंग ने केजरीवाल पर साधा निशाना, पूछा- 6 महीने में क्या बदला?

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने आज ‘आप’ के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद

पंजाब के कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने आज ‘आप’ के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने केजरीवाल से पूछा कि, छह महीने में क्या बदला कि उन्होंने हवाई अड्डे तक बस सेवा की अनुमति दे दी? बता दें कि, वडिंग ने यह बात पंजाब के विभिन्न शहरों से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक लक्जरी बस सेवा के उद्घाटन से पहले कही।  
कांग्रेस अध्यक्ष वडिंग ने ट्विटर पर शेयर किया वीडियो
वडिंग ने एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया और कहा कि, श्री केजरीवाल बस सेवा को हरी झंडी दिखाते समय खुद को ‘पंजाबियों के मसीहा‘ घोषित करने से पहले बताएं कि छह महीने में ऐसा क्या बदला जो उन्होंने हवाई अड्डे तक बस सेवा की अनुमति दे दी। वडिंग के अनुसार पंजाब के परिवहन मंत्री के रूप में उन्होंने यह मांग छह महीने पहले की थी लेकिन तब केजरीवाल ने यह अनुमति देने से यह कहकर इंकार कर दिया था कि नियमत: किसी भी राज्य की सरकारी बसें जब दिल्ली में प्रवेश करती हैं तो केवल आईएसबीटी तक ही जाने की अनुमति दी जा सकती है।


क्या पंजाबवासियों को केजरीवाल के श्रेय लेने के एजेंडा के कारण सजा दी गई? : वडिंग

कांग्रेस नेता वडिंग ने जानना चाहा है कि क्या पंजाबवासियों को केजरीवाल के श्रेय लेने के एजेंडा के कारण सजा दी गई? उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक से यह भी जानना चाहा कि जब परिवहन मंत्री के रूप में उन्होंने पंजाब के लिए केजरीवाल से सहयोग मांगा था तब उन्होंने ‘अड़यिल‘ और ‘टालने वाला‘ रवैया क्यों अपनाया?


उल्लेखनीय है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 10 जून को एक वीडियो संदेश जारी कर ‘प्राइवेट बस माफिया‘ पर अंकुश लगाने के लिए पंजाब से दिल्ली के हवाई अड्डे तक सस्ती लक्जरी बस सेवा शुरू करने की घोषणा की थी, जिसका उद्घाटन आज मान और केजरीवाल जालंधर में करने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।