प्रियंका कांग्रेस अध्यक्ष बनने के लिए ‘सही पसंद’ हैं : अमरिंदर सिंह - Punjab Kesari
Girl in a jacket

प्रियंका कांग्रेस अध्यक्ष बनने के लिए ‘सही पसंद’ हैं : अमरिंदर सिंह

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिये किसी युवा नेता को चुनने की वकालत करने वाले पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिये किसी युवा नेता को चुनने की वकालत करने वाले पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा इस पद के लिए बिल्कुल उपयुक्त होंगी। पार्टी महासचिव पर पूरा भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि अगर वह कांग्रेस अध्यक्ष चुनी जाती हैं तो हर तरफ से उन्हें समर्थन मिलेगा। 
उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी की बागडोर अपने हाथों में लेने के लिए प्रियंका बिल्कुल सही पसंद होंगी। लेकिन यह पूरी तरह से कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) पर निर्भर करता है। सीडब्ल्यूसी ही इस मामले पर फैसला लेने के लिए अधिकृत है।’’ हालांकि, उन्होंने राहुल गांधी के अध्यक्ष पद को छोड़ने पर दुख जताया। 
कांग्रेस नेता शशि थरूर के प्रियंका गांधी को इस पद के लिये बेहतर पसंद बताए जाने के सवाल पर सिंह जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने पहले भी इस पद के लिए किसी युवा नेता को चुने जाने की वकालत की थी। इस बीच, उन्होंने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता से संबंधित घटनाक्रम पर भी ‘स्तब्धता’ जताई है। 
गौरतलब है कि गत रविवार को हुए सड़क हादसे में उन्नाव बलात्कार मामले की पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में पीड़िता की मौसी, चाची और ड्राइवर की मौत हो गई। पीड़ित महिला और उसके वकील को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर मामले के मुख्य आरोपी हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।