अवैध संबंधों की बलिबेदी पर मां ने कर दिया बेटा कुर्बान - Punjab Kesari
Girl in a jacket

अवैध संबंधों की बलिबेदी पर मां ने कर दिया बेटा कुर्बान

NULL

लुधियाना-पटियाला : थाना सदर नाभा इलाके में आते गांव छींटावाला में कबड्डी खिलाड़ी सुखवीर सिंह उर्फ सुक्खी का कत्ल उसकी मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर किया था। मां ने अवैध संबंधों में रोड़ा बने सुखवीर के मुंह पर तकिया रखने के बाद दम घोंटकर मार डाला था। इसके बाद रात को ही उसके मुंह में कीटनाशक दवाई डाल शव को घर के बाहर गेट के साथ सटाकर रख दिया था। यह दवा इसलिए डाली थी, ताकि इसे आत्महत्या का केस बना सके।

मृतक सुखवीर सिंह के नाना के बड़े भाई बलवीर सिंह की शिकायत के बाद पुलिस ने पड़ताल को तकनीकी रूप से करते हुए आरोपिता नरिंदर कौर व उसके प्रेमी सिमरदीप सिंह उर्फ सिमरजीत सिंह उर्फ डोगर को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी मंदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि आरोपिता ने इस मामले को पूरी तरह से आत्महत्या दिखाने की कोशिश की थी। पुलिस ने बारीकी से जांच करने के बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

मां की प्रेम कहानी में ऐसे रोड़ा बना था सुक्खी – एसएसपी
सिद्धू ने बताया कि नरिंदर कौर के पति बलजिंदर सिंह की साल 2010 में सडक़ हादसे में मौत हो गई थी। साल 2014 में मोबाइल की दुकान पर काम करने वाले सिमरदीप सिंह के साथ नरिंदर कौर की मुलाकात हुई थी, जिसके बाद दोनों की नजदीकी बढ़ती चली गई। आरोपित सिमरदीप सिंह अक्सर नरिंदर कौर के घर पर आने लगा। सुखवीर सिंह को मां के अवैध संबंधों का पता चलने पर उसने विरोध करना शुरू कर दिया।

17 साल पुरानी मर्डर मिस्ट्री में बड़ा खुलासा : उल्लू ने की थी महिला की हत्या, पति काट रहा है सजा

नरिंदर कौर ने अपने प्रेम संबंधों में सुखवीर सिंह को रोड़ा समझते हुए 19 अगस्त की रात को तकिया मुंह पर रखकर सुखवीर सिंह का कत्ल कर दिया और उसे बाद में कीटनाशक दवाई भी पिला दी। रात को ही सिमरदीप सिंह को फोन करके घर बुलाने के बाद शव को घर के बाहर रखवाया था। सुबह के समय सिमरदीप सिंह का शव संदेह भरी हालत में मिलने की बात कहते हुए उसका संस्कार करने की कोशिश की, लेकिन मामला गरमाने पर पोस्टमार्टम करवाया गया।

पुलिस ने पहले इस मामले में धारा 174 की कार्रवाई की थी लेकिन अब कत्ल की धारा सहित अन्य धाराएं लगाकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। सुबूत मिटाने के लिए फोन को प्लास्टिक के लिफाफे में रखकर घर की छत पर छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

ससुर का कत्ल भी कबूला
नरिंदर कौर के प्रेम संबंधों के बारे में उसके ससुर जगदेव सिंह को भी पता चल गया था। जगदेव सिंह ने नरिंदर कौर को आरोपित सिमरदीप सिंह से मिलने से लगातार रोकना शुरू कर दिया। यही नहीं शराब के नशे में जगदेव सिंह ने नरिंदर कौर को कई बार पीटा और नाजायज खर्च करने से भी रोका। साल 2014 में शुरू हुए इन अवैध संबंधों में पहला कत्ल जगदेव सिंह का हुआ था। नरिंदर कौर ने अपने ससुर जगदेव सिंह के भी मुंह पर तकिया रखकर कत्ल किया था, जिसे हार्ट अटैक का नाम दे दिया। बेटे के कत्ल के आरोप में गिरफ्तार महिला ने ससुर के कत्ल का जुर्म भी कबूल कर लिया है।

ऐसे मिले कत्ल के सुबूत
पोस्टमार्टम में सुखवीर के पेट में जहरीली वस्तु होने की रिपोर्ट मिली, लेकिन घटनास्थल पर आसपास कहीं पर भी जहर के सुराग नहीं मिले थे। सुखवीर के नाना के बड़े भाई को भी था आरोपिता नरिंदर कौर व उसके प्रेमी पर शक। आरोपिता के मोबाइल फोन का घर पर न मिलना और उसके कॉल का रिकॉर्ड। घर का माहौल व आरोपित सिमरदीप सिंह का नरिंदर कौर के घर लगातार आना-जाना।

– सुनीलराय कामरेड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।