हरपाल सिंह चीमा बोले पंजाब सरकार गिराने के लिए हमारे विधायकों को 20-25 करोड़ रुपये की पेशकश - Punjab Kesari
Girl in a jacket

हरपाल सिंह चीमा बोले पंजाब सरकार गिराने के लिए हमारे विधायकों को 20-25 करोड़ रुपये की पेशकश

पंजाब में सत्तारूढ़ दल आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राज्य में

पंजाब में सत्तारूढ़ दल आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राज्य में भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार को गिराने के प्रयास में उसके विधायकों को 20-25 करोड़ रुपये की पेशकश करने का आरोप लगाया। भाजपा की पंजाब इकाई ने आरोपों को निराधार और झूठ का पुलिंदा करार दिया और कहा कि आप अपनी नाकामियों से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत राज्य के कुछ ‘आप’ विधायकों से संपर्क साधा गया है। आप के वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि ‘आप’ के सात से 10 विधायकों से पैसे और मंत्री पद की पेशकश के साथ संपर्क किया गया है।
चीमा ने कहा, पंजाब में हमारे विधायकों से संपर्क किया जा रहा है। भाजपा के कुछ लोगों द्वारा उनसे टेलीफोन पर संपर्क किया जा रहा है, जिन्हें भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने हमारे विधायकों को पार्टी से अलग करने के लिए भेजा था। चीमा ने कहा, उन्होंने हमारे विधायकों से संपर्क किया और उन्हें बताया कि उनकी बैठक ‘वड्डे बाउ जी’ और दिल्ली में बड़े नेताओं के साथ कराई जाएगी, और उन्हें 25-25 करोड़ रुपये की पेशकश की। चीमा ने आरोप लगाया कि भाजपा के सरकार बनाने पर ‘आप’ विधायकों को मंत्री पद की पेशकश की गई। राज्य के वित्त मंत्री ने आगे आरोप लगाया, उनसे कहा गया कि अगर आप तीन-चार विधायक लाते हैं, तो आपको 50-70 करोड़ रुपये की पेशकश की जाएगी। चीमा ने कहा कि जब पार्टी के एक विधायक ने पूछा कि वह 92 विधायकों वाली आप नीत सरकार को कैसे गिराएंगे, तो उन्हें बताया गया कि उन्हें सरकार गिराने के लिए सिर्फ 35 विधायकों की जरूरत है क्योंकि वे अन्य दलों के विधायकों के संपर्क में हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में कांग्रेस विधायकों को खरीदा गया। चीमा ने आरोप लगाया, ‘‘हो सकता है कि यहां भी वे (भाजपा) उनके (कांग्रेस विधायकों) के संपर्क में हों। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पंजाब में 55 विधायकों को तोड़ने के लिए 1,375 करोड़ रुपये रखे हैं। चीमा ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा आप सरकार को गिराने के लिए पंजाब में 1,375 करोड़ रुपये खर्च करना चाहती है।’’ साथ ही, उन्होंने कहा कि भाजपा ने 800 करोड़ रुपये के साथ दिल्ली में आप नीत सरकार को गिराने की कोशिश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।