पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले सियासत अपने ज़ोर पर है। विधानसभा चुनाव के लिए कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी ने पंजाब लोक कांग्रेस ने बीजेपी के साथ गठबंधन का ऐलान किया है। कांग्रेस ने इस गठबंधन को अवसरवाद बताते हुए कैप्टन बीजेपी में शामिल कैसे हो सकते हैं।
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को कहा, पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनेगी। लोकतंत्र में सभी को बोलने का अधिकार है लेकिन नतीजों के बाद क्या होता है, यह आपको पता होगा। कांग्रेस ने कैप्टन को सब कुछ दिया, वह बीजेपी में कैसे शामिल हो सकते हैं। यह अवसरवाद है।
भाजपा ने पंजाब में अमरिंदर सिंह की पार्टी के साथ गठबंधन का किया ऐलान
अमरिंदर के बीजेपी के साथ आने के बाद संभावना है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा के नेतृत्व वाली शिरोमणि अकाली दल (लोकतांत्रिक) भी आने वाले दिनों में इस गठबंधन का हिस्सा बने। बीजेपी को अमरिंदर सिंह का साथ मिलने से राज्य में एक प्रमुख सिख चेहरा मिल गया है।
पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। 117 सदस्यीय राज्य विधानसभा में बीजेपी अधिकतम 23 सीटों पर चुनाव लड़ती रही है। वह राज्य में शिरोमणि अकाली दल की कनिष्ठ सहयोगी रही है। हालांकि इस बार के चुनाव में वह आधे से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है।
पंजाब में कांग्रेस का शासन है जबकि आम आदमी पार्टी वहां की प्रमुख विपक्षी पार्टी है। बीजेपी से अलग होने के बाद अकाली दल ने बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया है। ऐसे में इस बार पंजाब विधानसभा का चुनाव चतुष्कोणीय होने की संभावना है।