पंजाब की लुधियाना सेंट्रल जेल में पुलिस और कैदियों के बीच झड़प की खबर सामने आई है। कैदियों और पुलिस की झड़प में एक कैदी की मौत और कुछ घायल हो गए है। झड़प के दौरान कुछ कैदियों ने जेल तोड़कर भागने की कोशिश भी की है। फिलहाल जेल के अंदर तनावपूर्ण माहौल जारी है। जेल में कड़ी सुरक्षा को तैनात किया गया है।
कैदियों ने मौके पर पहुंचे डीएसपी की गाड़ी को फूंक दिया। जिला उपायुक्त (डीसी) भी मौके पर पहुंचे हैं। कैदियों को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। आला अधिकारियों ने जेल की घेराबंदी करने और देखते ही गोली मारने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस समय जेल के सभी दरवाजे बंद कर दिए गए हैं। किसी को भी अंदर जाने और बाहर आने की इजाजत नहीं है।
फायरिंग में मारे गए व्यक्ति की पहचान संदीप सूद के रूप में हुई है। फायरिंग के बीच कई कैदियों ने जेल से भागने की कोशिश की। यह कैदी दीवार फांदकर भागने की कोशिश कर रहे थे। बताया जा रहा है कि नौ कैदी भागने में कामयाब हो गए हैं। भाग रहे चार कैदियों को पकड़ लिया गया है।